दिवाली पर घर की गहन सफाई के बाद अक्सर कोनों और अलमारियों से चूहे निकलते नजर आते हैं। साफ-सफाई के दौरान कई बार उनका पुराना ठिकाना उजड़ जाता है, और वे नए ठिकाने की तलाश में इधर-उधर घूमते हैं। ऐसे में ज़रूरी है कि सफाई के बाद कुछ ऐसे घरेलू उपाय अपनाए जाएं जो चूहों को वापस आने से ही रोक दें।
सबसे असरदार उपायों में से एक है लौंग। चूहों को लौंग की तीखी महक बिल्कुल पसंद नहीं होती। बस कुछ लौंग की कलियों को एक मखमली कपड़े में लपेटें और घर के कोनों में रख दें। इसकी खुशबू इतनी तेज होती है कि चूहे खुद-ब-खुद घर से बाहर भाग जाएंगे और दोबारा लौटने की हिम्मत भी नहीं करेंगे।
मिर्च, फिटकरी और दालचीनी से बनेगा सुरक्षा घेरा
घर में घुस आए चूहों को भगाने में लाल मिर्च भी कमाल दिखा सकती है। बस जहां चूहे के बिल या आवाजाही के निशान हों, वहां लाल मिर्च पाउडर या सूखी लाल मिर्च रख दें। तीखी महक और असर से चूहे इन जगहों पर दोबारा नहीं फटकते।
इसके अलावा, फिटकरी का इस्तेमाल भी चूहों को भगाने में कारगर है। फिटकरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़कर कोनों या अलमारियों की दरारों में रख देने से चूहे इन जगहों को छोड़कर भाग जाते हैं। साथ ही दालचीनी की महक भी उनके लिए असहनीय होती है। दालचीनी के टुकड़े या पाउडर घर के कोनों में रख देने से घर में बनी रहेगी खुशबू और चूहों से छुटकारा भी मिलेगा।
कपूर का धुआं और महक करेगा कमाल
अगर आप ऐसा तरीका चाहते हैं जिससे पूरे घर में एक ही बार में असर हो, तो कपूर आपके काम आएगा। कपूर को घर के कोनों में रखना ही काफी है — उसकी खुशबू से चूहे वहां टिक नहीं पाते। इसके अलावा अगर कपूर को जलाकर उसका धुआं घर में फैलाया जाए तो यह चूहों को तुरंत भगा देता है।
कपूर न सिर्फ पूजा-पाठ के लिए काम आता है बल्कि प्राकृतिक कीटनाशक का भी काम करता है। इसकी तेज महक चूहों को लंबे समय तक घर से दूर रखती है। इसलिए दिवाली की सफाई के बाद कपूर को घर में जरूर शामिल करें, ताकि घर साफ-सुथरा, महकदार और चूहा-मुक्त बना रहे।
Read more-अक्षय कुमार ने AI से लड़ाई शुरू कर दी — उनकी आवाज़ और चेहरा बिक रहा हैं फर्जी वीडियो में!
