चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विरोध के बीच बेंगलुरु में होने वाले प्रदर्शन को लेकर हलचल तेज हो गई है। 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में होने वाले कार्यक्रम से पहले ध्रुव राठी, प्रकाश राज, अभिजीत दीपके और अन्य लोगों की मुलाकात सामने आई है। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है, जिसमें आने वाले प्रदर्शन को लेकर लोगों से शामिल होने की अपील की गई है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR से जुड़ा है।
अभिजीत दीपके ने दिया सरप्राइज
बेंगलुरु में होने वाले कार्यक्रम से पहले अभिजीत दीपके ने एक वीडियो जारी किया। वीडियो में वह बताते हैं कि वह अगले दिन होने वाले प्रदर्शन के लिए बेंगलुरु पहुंचे हैं। इसके बाद कैमरा एक कमरे की ओर जाता है, जहां ध्रुव राठी बैठे दिखाई देते हैं। वीडियो में अभिनेता प्रकाश राज समेत कुछ अन्य लोग भी नजर आते हैं। इस मुलाकात के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रदर्शन को लेकर चर्चा तेज हो गई। वीडियो में मौजूद लोगों की ओर से 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील भी की गई है।
Aali re aali… aata gyaanu chi baari aaliiii
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) October 7, 2026
ध्रुव राठी बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई, दिल्ली में भी जुटने की अपील
वीडियो में ध्रुव राठी ने प्रदर्शन को लोकतंत्र से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने लोगों से 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क पहुंचने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली में रहने वाले लोगों से 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पहुंचने की बात कही। वहीं प्रकाश राज ने भी अपने अंदाज में प्रदर्शन को लेकर संदेश दिया। ध्रुव राठी की ओर से शेयर किए गए वीडियो को बाद में अभिजीत दीपके ने भी साझा किया। इससे साफ है कि आयोजक इस प्रदर्शन को बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
SIR के खिलाफ CJP का प्रदर्शन
CJP यानी सिटीजन जस्टिस प्रोजेक्ट की ओर से 8 अक्टूबर को फ्रीडम पार्क में प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन के दौरान कथित तौर पर प्रभावित हुए लोगों का मुद्दा उठाया जाएगा। CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने बेंगलुरु में कार्यक्रम की घोषणा की है। आयोजकों का दावा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रदर्शन की तैयारी की गई है।
सुबह 10:30 बजे शुरू होगा कार्यक्रम
कार्यक्रम की शुरुआत 8 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे होने की जानकारी दी गई है। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान उन कन्नड़ लोगों से बातचीत की जाएगी, जिनका दावा है कि उनके नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाए गए। इसके बाद पीपल्स ट्रिब्यूनल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें SIR से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। इस कार्यक्रम में ध्रुव राठी और प्रकाश राज जैसे चर्चित चेहरों की मौजूदगी को लेकर भी लोगों की नजर बनी हुई है। अब देखना होगा कि फ्रीडम पार्क में होने वाला यह प्रदर्शन कितना बड़ा रूप लेता है और इसका राजनीतिक असर कितना दिखाई देता है।
Read More-104 यात्रियों को लेकर लखनऊ आ रही फ्लाइट पर आसमान में गिरी बिजली, 17 हजार फीट की ऊंचाई पर था विमान
