उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में कचहरी परिसर के बाहर एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। एक महिला किसी पुराने मुकदमे की तारीख के सिलसिले में अपने पहले पति के साथ अदालत पहुंची थी। इसी दौरान वहां एक दूसरा युवक पहुंच गया। महिला की नजर जैसे ही उस युवक पर पड़ी, वह उसके पास गई और सरेआम उससे लिपट गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला के पहले पति और उसके साथ मौजूद लोगों ने उसे युवक से अलग करने की कोशिश की, लेकिन वह उससे दूर होने को तैयार नहीं थी।
जिसे लोग समझ रहे थे प्रेमी, पुलिस जांच में निकला दूसरा पति
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शुरुआत में लोग उस युवक को महिला का प्रेमी मान रहे थे। हालांकि पुलिस की जांच में मामला इससे अलग निकला। पुलिस के अनुसार, महिला की पहली शादी करीब 9 साल पहले हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है, लेकिन दोनों का अभी तक कानूनी तौर पर तलाक नहीं हुआ है। इसी बीच महिला ने करीब छह महीने पहले एक अन्य युवक के साथ कोर्ट मैरिज कर ली। यही युवक बुधवार को कचहरी के बाहर पहुंचा था। महिला ने उसे देखते ही उसके साथ जाने की इच्छा जाहिर करते हुए उससे लिपट गई।
कचहरी के बाहर काफी देर तक चलता रहा विवाद
दूसरी शादी की जानकारी सामने आने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, महिला को दूसरे युवक से अलग करने की कोशिश की गई, जिसके बाद कचहरी परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में वायरल होने लगा। विवाद बढ़ने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने किसी तरह मौके पर तनाव की स्थिति को नियंत्रित किया।
शांति भंग के आरोप में दोनों पक्षों पर कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच की। कोतवाल परमेंद्र सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला के पहले पति और दूसरे युवक के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला की ओर से दूसरे युवक के साथ कोर्ट मैरिज किए जाने का दावा भी किया गया है। पुलिस ने कचहरी परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और महिला की पहली शादी तथा दूसरी कोर्ट मैरिज को लेकर अलग-अलग सवाल उठ रहे हैं।
Read more-अयोध्या में मौजूदगी के बावजूद क्यों राम मंदिर नहीं गए अखिलेश यादव? सामने आ गई बड़ी वजह
