तमिलनाडु में नई सरकार बनने के बाद अब मंत्रियों के बीच विभागों का आधिकारिक बंटवारा कर दिया गया है। राज्यपाल विश्वनाथ अर्लेकर की मंजूरी के बाद लोक भवन ने शनिवार को नई कैबिनेट की सूची जारी की। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गृह, सामान्य प्रशासन, पुलिस, महिला एवं युवा कल्याण और जन कल्याण जैसे बड़े और प्रभावशाली विभाग अपने पास रखे हैं। राजनीतिक जानकार इसे विजय सरकार का बड़ा रणनीतिक फैसला मान रहे हैं, क्योंकि कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण सीधे मुख्यमंत्री के हाथ में रहेगा। नई सरकार के गठन के बाद लोगों की नजर सबसे ज्यादा इस बात पर थी कि वित्त, स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे विभाग किसे दिए जाएंगे। विभागों की घोषणा के साथ यह तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है।
इन मंत्रियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री विजय के अलावा कैबिनेट के अन्य मंत्रियों को भी अहम विभाग सौंपे गए हैं। एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी मिली है। राज्य में जल संकट और ग्रामीण परियोजनाओं को देखते हुए यह विभाग काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधव अर्जुन को लोक निर्माण और खेल विकास विभाग दिया गया है, जबकि के. ए. सेंगोट्टियन को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के. जी. अरुणराज को मिला है। इसके अलावा पी. वेंकटरमनन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और आर. निर्मलकुमार को ऊर्जा एवं विधि विभाग का कार्यभार दिया गया है। माना जा रहा है कि नई कैबिनेट में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है ताकि सरकार विकास और प्रशासन दोनों मोर्चों पर बेहतर प्रदर्शन कर सके।
सरकार बनने से पहले पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल
नई कैबिनेट के गठन से ठीक पहले तमिलनाडु सरकार ने पुलिस विभाग में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए थे। गुरुवार को जारी आदेश के तहत 10 से ज्यादा वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया। इस फेरबदल में खुफिया शाखा के कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गईं। पुलिस महानिदेशक बी. बाला नागा देवी को खुफिया विभाग से हटाकर चेन्नई साइबर अपराध शाखा का डीजीपी बनाया गया। वहीं राजीव कुमार को प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक हलकों में इन तबादलों को नई सरकार की प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विजय शुरुआत से ही कानून व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत संदेश देना चाहते हैं।
नई सरकार से जनता की बढ़ीं उम्मीदें
तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन के बाद जनता की उम्मीदें भी नई सरकार से काफी बढ़ गई हैं। खासतौर पर रोजगार, युवाओं के लिए योजनाएं, स्वास्थ्य सेवाएं और बुनियादी ढांचे को लेकर लोगों की नजर अब मुख्यमंत्री विजय और उनकी टीम पर रहेगी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि मुख्यमंत्री द्वारा गृह और पुलिस विभाग अपने पास रखना यह संकेत देता है कि सरकार कानून व्यवस्था और प्रशासनिक नियंत्रण को प्राथमिकता देना चाहती है। वहीं वित्त, स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे विभागों में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर सरकार ने बदलाव का संदेश भी दिया है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई कैबिनेट जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है और राज्य के विकास को किस दिशा में आगे बढ़ाती है।
Read more-दुनिया पर मंडरा रहा नया आर्थिक खतरा? पीएम मोदी बोले- ‘हालात नहीं बदले तो मिट जाएगी दशकों की…’
