Homeदेशतीन शादियां, पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान! नकली दरोगा का ऐसा...

तीन शादियां, पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान! नकली दरोगा का ऐसा खेल, कर डाली 10.50 लाख की ठगी

बिहार के सीतामढ़ी में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर तीन शादियां करने और लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

-

बिहार के सीतामढ़ी जिले में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस की वर्दी पहनकर और फर्जी पहचान पत्र दिखाकर लोगों को अपने जाल में फंसाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. निराले निवासी भदई गांव, थाना हथौड़ी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह कभी खुद को दरोगा, कभी इंस्पेक्टर तो कभी कांस्टेबल बताकर लोगों पर रौब जमाता था। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर तीन शादियां भी कर ली थीं। मामला तब खुला जब हरिकेश गांव की एक महिला ने अपनी 19 वर्षीय बेटी की शादी इस युवक से कराई। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और अपना पहचान पत्र दिखाकर परिवार का भरोसा जीत लिया। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को उसकी शादी करा दी गई।

फर्जी आईकार्ड पर दूसरा नाम, वर्दी पहनकर करता था धोखाधड़ी

पुलिस की जांच में आरोपी की एक और चालाकी सामने आई है। उसके पास से बरामद फर्जी पुलिस पहचान पत्र पर नाम चंदन महतो और पिता का नाम बबलू लिखा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह इसी आईकार्ड और पुलिस की वर्दी के सहारे खुद को डायल-112 का जवान बताता था। अलग-अलग लोगों के सामने अलग-अलग पुलिस पद बताकर वह अपना प्रभाव जमाता था। शादी के लिए रिश्ता तलाशने वाले परिवारों को भी इसी तरीके से विश्वास में लेता था। इस मामले में दो महिलाओं पर भी आरोप है कि वे आरोपी को रिश्तेदार बताकर लड़की के परिवार के घर लेकर गई थीं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और आरोपी के संपर्क में रहने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एक्साइज की गाड़ी दिलाने के नाम पर 10.50 लाख की ठगी

आरोपी पर सिर्फ शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने का ही आरोप नहीं है, बल्कि उसने सरकारी अधिकारी बनकर आर्थिक ठगी भी की। पुलिस के अनुसार, उसने खुद को एक्साइज अधिकारी बताकर सरोज महतो और राजू महतो को गाड़ी दिलाने का झांसा दिया। इस बहाने सरोज से 4.50 लाख रुपये और राजू से 6 लाख रुपये वसूल लिए। दोनों से कुल 10.50 लाख रुपये की ठगी की गई। सीतामढ़ी पुलिस ने सहियारा थाना कांड संख्या 190/26 के तहत दर्ज मामले में मो. निराले को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ जिले के अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने फर्जी वर्दी और पहचान पत्र के सहारे कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Read more-UP चुनाव से पहले अखिलेश यादव को बड़ा झटका! पूर्व सपा विधायक ने ओवैसी का थामा हाथ, इस सीट पर बिगड़ेगा पूरा खेल?

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts