तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक सी-फूड एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। गैस फैलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 46 कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर पर रखा गया है।
कर्मचारियों को हुई सांस लेने में परेशानी
जानकारी के मुताबिक, गैस लीक होने के बाद कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत, चक्कर आना, आंखों में जलन और उल्टी जैसी समस्याएं होने लगीं। फैक्ट्री में काम करने वाले कई कर्मचारी उत्तर भारत के रहने वाले हैं और फैक्ट्री परिसर के पास ही रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी प्रभावित लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
वॉल्व खराब होने से हुआ गैस रिसाव
शुरुआती जांच में पता चला है कि फैक्ट्री के एक वॉल्व में खराबी आने की वजह से अमोनिया गैस लीक हुई। हालांकि, हादसे की सही वजह जानने के लिए जांच जारी है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास के इलाके पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने फैक्ट्री प्रबंधन से सुरक्षा इंतजामों की जानकारी भी मांगी है।
सरकार ने जांच के दिए आदेश
घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। इसके लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो हादसे की वजह और सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच करेगी। समिति को 24 घंटे के भीतर शुरुआती रिपोर्ट और तीन दिन के अंदर पूरी रिपोर्ट सौंपनी होगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
