Pauri News: उत्तराखंड के पौड़ी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में छह महिलाओं समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है।
बैंक से काम निपटाकर गांव लौट रही थीं महिलाएं
जानकारी के मुताबिक, वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने के सिलसिले में रिखणीखाल गई थीं। बैंक और अन्य जरूरी काम निपटाने के बाद सभी वाहन से भंगलवाड़ गांव लौट रही थीं। लेकिन गांव पहुंचने से पहले ही उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में वाहन चालक अनिल देवराड़ा की भी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
गांव पहुंचने से पहले खाई में समा गई कार
बताया जा रहा है कि वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को निकालने का काम शुरू किया गया। हादसे में घायल पांच लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। एक साथ सात लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

