पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई जब बिहार में मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे हजारों अभ्यर्थी समय पर ट्रेन नहीं मिलने से नाराज हो गए। सुबह से ही स्टेशन पर छात्रों की भारी भीड़ जमा थी। दो पालियों में होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थी अलग-अलग जिलों में जाने की तैयारी में थे, लेकिन ट्रेन लगातार देरी से चल रही थी, जिससे तनाव बढ़ता गया।
गुस्से ने लिया हिंसक रूप
ट्रेन की देरी बढ़ने के साथ ही छात्रों का धैर्य टूट गया और हालात अचानक बिगड़ गए। देखते ही देखते भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी और कई जगहों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। कुछ गुस्साए छात्रों ने रेलवे परिसर में पथराव भी किया, जिससे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और हालात संभालने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई, हवाई फायरिंग तक पहुंचा मामला
स्थिति लगातार बिगड़ती देख रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आईजी जितेंद्र राणा के अनुसार, करीब 200 से 300 छात्र ट्रेन को आगे बढ़ने से रोक रहे थे और बार-बार चेन पुलिंग कर रहे थे। जब समझाने के प्रयास विफल हो गए और पथराव शुरू हो गया, तो पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इस दौरान कई जवान घायल हुए। प्रशासन ने दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्व भी भीड़ में शामिल हो गए थे, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए।
Patna, Bihar: A protest by exam candidates at Patliputra Railway Station turned violent, with reports of train vandalism. Police used tear gas, fired warning shots, and conducted a baton charge to disperse the crowd. The situation remains tense pic.twitter.com/ElBCYed38D
— IANS (@ians_india) June 14, 2026
प्रशासन का बयान, हालात काबू में लेकिन जांच शुरू
पटना डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया कि छात्रों को समझाने की लगातार कोशिश की गई थी, लेकिन भीड़ परीक्षा छूटने के डर से उग्र हो गई। उन्होंने कहा कि पहले से दो स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, बावजूद इसके कुछ लोगों ने व्यवस्था को बाधित किया। अधिकारियों के अनुसार, अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से बहाल कर दी गई हैं। वहीं, पूरे मामले की वीडियोग्राफी की गई है और FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More-आखिर कैसे गिरा भारतीय वायुसेना का AN-32? असम हादसे में 5 वायु योद्धाओं की मौत पर IAF का बड़ा खुलासा
