बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब पटना में पुलिस ने एक युवती को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवती की पहचान रिया के रूप में हुई है और वह शाहपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। मंगलवार को पटना जंक्शन के पास संदिग्ध स्थिति में पकड़े जाने के बाद जब उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें शराब की बोतलें मिलीं। बरामद शराब की कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
वाराणसी से शराब लेकर पहुंची थी पटना
पूछताछ में रिया ने पुलिस को बताया कि वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी से शराब लेकर आई थी। उसे यह खेप दानापुर में एक व्यक्ति तक पहुंचानी थी। पुलिस के अनुसार, एक परिचित युवक के कहने पर रिया ने शराब लाने की बात स्वीकार की है। एएसपी लॉ एंड ऑर्डर कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि पूछताछ में युवती ने पैसों के लालच में यह काम करने की बात कही। रिया का दावा है कि इससे पहले वह शराब की तस्करी में शामिल नहीं रही है। पुलिस अब उसके बयान की भी जांच कर रही है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है रिया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रिया पढ़ाई कर रही है और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती है। पुलिस को शक है कि इस मामले के पीछे सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि शराब सप्लाई से जुड़ा बड़ा नेटवर्क हो सकता है। इसी वजह से उस युवक की भूमिका भी जांच के दायरे में है, जिसके कहने पर रिया वाराणसी से शराब लेकर पटना पहुंची थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की खरीद, परिवहन और डिलीवरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
महिलाओं की गिरफ्तारी पर मंत्री ने जताई चिंता
शराब तस्करी के मामलों में महिलाओं की भूमिका सामने आने पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि शराबबंदी लागू करने के पीछे महिलाओं की भी बड़ी मांग थी। ऐसे में महिलाओं का ही शराब की तस्करी में पकड़ा जाना गंभीर विषय है। मंत्री ने समाज के लोगों से ऐसी घटनाओं पर विचार करने की अपील की। वहीं, पटना पुलिस की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि रिया तक शराब की खेप किसने पहुंचाई और दानापुर में इसे लेने वाला व्यक्ति कौन था। इन सवालों के जवाब मिलने के बाद पूरे नेटवर्क की तस्वीर साफ हो सकती है।
