देशभर में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस मौके पर गुरुद्वारों में लंगर, सेवा और भंडारे का आयोजन होता है। लेकिन पंजाब के लुधियाना में इस बार सेवा का एक ऐसा अनोखा तरीका देखने को मिला, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। यहां ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर लोगों को मुफ्त पेट्रोल और डीजल बांटा गया। इस अनोखे लंगर की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर पेट्रोल पंप पहुंचने लगे। देखते ही देखते वहां गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। खास बात यह रही कि लोगों को भोजन के बजाय उनके वाहनों के लिए मुफ्त ईंधन उपलब्ध कराया गया। गुरु पर्व पर शुरू की गई इस पहल को लोगों ने खूब सराहा।
अपनी कमाई के दसवंध से लगाया पेट्रोल-डीजल का लंगर
इस अनोखी सेवा की शुरुआत लुधियाना के रहने वाले पंकज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि वह हर साल अपनी कमाई का दसवंध यानी दसवां हिस्सा जरूरतमंदों और समाज की सेवा में खर्च करते हैं। इस बार उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर पेट्रोल और डीजल का लंगर लगाने का फैसला किया। इसके लिए करीब 50 से 60 हजार रुपये का बजट रखा गया था। शुरुआत में यह सेवा केवल एक घंटे के लिए निर्धारित की गई थी, लेकिन लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए इसे बढ़ाकर करीब डेढ़ से दो घंटे तक जारी रखा गया। पेट्रोल पंप पर पहुंचे वाहन चालकों को बिना पैसे दिए ईंधन भरवाने का मौका मिला। इस दौरान लोगों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।
बजट बचा तो दोबारा शुरू करवा दिया लंगर, गुरु की सीख से मिली प्रेरणा
इस आयोजन की एक और खास बात तब सामने आई, जब तय बजट में कुछ पैसे बच गए। पंकज कुमार ने बची हुई रकम से दोबारा मुफ्त पेट्रोल-डीजल वितरण शुरू करवा दिया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सेवा का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि इस पहल के पीछे गुरु नानक देव जी के ’20 रुपये के सच्चे सौदे’ की प्रेरणा है। उनका मानना है कि इंसान को अपनी कमाई का कुछ हिस्सा दूसरों की मदद में जरूर लगाना चाहिए। पेट्रोल पंप के मालिक अज्जू ने भी पंकज कुमार की इस पहल की तारीफ की। उन्होंने इसे इंसानियत और भाईचारे की शानदार मिसाल बताया। गुरु पर्व पर आयोजित इस अनोखे ईंधन लंगर ने यह संदेश दिया कि सेवा करने के लिए किसी बड़े आयोजन की जरूरत नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और दूसरों की मदद का जज्बा होना चाहिए।
