PM Kisan Samman Nidhi: देशभर के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करने की तारीख तय कर दी गई है। केंद्र सरकार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के बैंक खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर करेंगे। इस किस्त के तहत करीब 9 करोड़ से अधिक किसानों को दो-दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। किसानों को फरवरी महीने से ही इस किस्त का इंतजार था, लेकिन कुछ कारणों से इसमें देरी हो गई थी। अब सरकार की घोषणा के बाद किसानों में उत्साह का माहौल है, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद उन्हें यह राहत मिलने जा रही है।
असम दौरे से करेंगे राशि ट्रांसफर
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान वे PM Kisan Samman Nidhi की 22वीं किस्त जारी करेंगे। 13 मार्च को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम कोकराझार और गुवाहाटी में तय किया गया है, जहां वे कई सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इन्हीं कार्यक्रमों में से किसी एक मंच से किसानों के खाते में पैसा ट्रांसफर किया जाएगा। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस स्थान से राशि जारी की जाएगी। इसके बाद 14 मार्च को प्रधानमंत्री असम के सिलचर में भी कार्यक्रमों में शामिल होंगे। असम दौरे के दौरान किसानों को यह बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
कई किसानों की किस्त पहले भी रुक चुकी है
पिछली किस्तों के दौरान कई किसानों को योजना से बाहर भी किया गया था। जब PM Kisan Samman Nidhi की 20वीं किस्त जारी हुई थी, तब करीब 30 लाख से ज्यादा किसानों के नाम सूची से हटा दिए गए थे। इसके अलावा 21वीं किस्त के समय भी कई किसानों के खाते में पैसा नहीं पहुंच पाया था। सरकार का कहना है कि जिन लोगों ने योजना के नियमों का पालन नहीं किया या जिनकी जानकारी सही नहीं थी, उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया। इसी वजह से इस बार भी कई किसान यह जानना चाहते हैं कि उन्हें 22वीं किस्त का लाभ मिलेगा या नहीं।
ऑनलाइन स्टेटस देख सकते हैं किसान
अगर आप भी PM Kisan Samman Nidhi के लाभार्थी हैं और यह जानना चाहते हैं कि आपके खाते में पैसा आएगा या नहीं, तो आप आसानी से ऑनलाइन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले PM Kisan की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद वेबसाइट पर दिए गए Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें। यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करना होगा। इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसे दर्ज करने के बाद आप अपने खाते की पूरी जानकारी देख सकते हैं। इस तरीके से किसान आसानी से यह पता लगा सकते हैं कि उन्हें अगली किस्त का पैसा मिलेगा या नहीं।
Read More-मौलाना के बयान पर फूटा शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का गुस्सा, बोले- ‘योगी की मां भी…’
