हरियाणा के भिवानी में हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया (Diler Kharkiya) की रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने सिंगर के घर के बाहर उनकी गाड़ी को निशाना बनाया। घटना के दौरान दिलेर खरकिया (Diler Kharkiya) बाल-बाल बच गए। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब हमलावरों की पहचान करने के साथ ही फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
सोशल मीडिया पोस्ट में ली गई जिम्मेदारी, लिखी धमकी
घटना के बाद सोशल मीडिया पर ‘पंडित’ नाम से एक पोस्ट सामने आई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में दिलेर खरकिया (Diler Kharkiya) को कथित तौर पर धमकी देते हुए कॉल का जवाब देने के लिए कहा गया है। पोस्ट में हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित समेत कुछ नाम भी लिखे गए हैं। हालांकि इस पोस्ट की वास्तविकता और फायरिंग से इसके संबंध की अभी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पोस्ट किस व्यक्ति ने डाली और उसका मकसद क्या था।
9 साल की उम्र से शुरू किया गायन, 2018 में रखा इंडस्ट्री में कदम
दिलेर खरकिया (Diler Kharkiya) भिवानी के गांव खरक से ताल्लुक रखते हैं और प्रसिद्ध रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया के बेटे हैं। पिता को देखकर उन्होंने भी छोटी उम्र में ही गायन शुरू कर दिया था। जानकारी के मुताबिक दिलेर खरकिया (Diler Kharkiya) ने करीब 9 साल की उम्र में गाना शुरू किया था। 8 अगस्त 1997 को जन्मे दिलेर ने 2018 में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘लीलो चमन’, ‘मोटो’, ‘जूती काली’, ‘हाई कोर्ट’, ‘कबूतरी’ और ‘आलू मटर’ जैसे कई चर्चित गाने दिए। फिलहाल फायरिंग की घटना और सोशल मीडिया पर सामने आई धमकी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
Read More-आगरा के ताज रिसॉर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल के बाद मचा हड़कंप; 7 दिन तक अलर्ट
