बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह (Anant Singh) की बेटी की शादी इन दिनों चर्चा में है। 25 नवंबर 2026 को होने वाले इस विवाह समारोह को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से खास तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन इस शादी में एक ऐसा आयोजन भी होने जा रहा है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। दरअसल, शादी के दिन ही अनंत सिंह (Anant Singh) एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराने जा रहे हैं। इस मुकाबले में देश के अलग-अलग हिस्सों से घोड़े और उनके मालिक हिस्सा लेने पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में घोड़ों की रफ्तार और उनके दमखम का प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
घुड़दौड़ में जीतने वाले को मिलेगी महिंद्रा थार
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात इसमें मिलने वाले पुरस्कार हैं। अनंत सिंह (Anant Singh) की ओर से विजेताओं के लिए आकर्षक इनामों की घोषणा की गई है। मुकाबले में पहला स्थान हासिल करने वाले घोड़े के मालिक को महिंद्रा थार दी जाएगी। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को मोटरसाइकिल और तीसरे स्थान पर आने वाले को स्कूटी मिलेगी। यानी इस प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के लिए घुड़सवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। बड़े पुरस्कारों की घोषणा के बाद इस आयोजन को लेकर लोगों की उत्सुकता भी बढ़ गई है।
हमारी छोटी बिटिया के शुभ विवाह के पावन अवसर पर अपने पैतृक गांव नदवाँ (बाढ़) में एक भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोमांचक प्रतियोगिता में भारतवर्ष के कोने-कोने से एक से बढ़कर एक नामी एवं चर्चित घोड़े अपनी रफ्तार, कौशल और दमखम का प्रदर्शन करने पहुंचेंगे। https://t.co/X4HJz3h8FD
— Anant Kumar Singh (@MLA_AnantSingh) November 3, 2026
25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी प्रतियोगिता
अनंत सिंह (Anant Singh) के एक्स हैंडल पर 3 नवंबर 2026 को इस आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की गई है। पोस्ट के मुताबिक, घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन उनके पैतृक गांव नदवां (लदमा), बाढ़ में किया जाएगा। इसके लिए 25 नवंबर की तारीख तय की गई है। प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से चर्चित घोड़ों के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में दर्शकों के आने की संभावना है।
पहले भी दंगल कराकर सुर्खियों में रहे हैं अनंत सिंह
यह पहली बार नहीं है जब अनंत सिंह (Anant Singh) ने अपने गांव में किसी बड़े खेल आयोजन की तैयारी की है। इससे पहले भी वह लदमा गांव में दंगल का आयोजन करा चुके हैं। इसी साल विवेका पहलवान की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित दंगल में कई राज्यों और दूसरे देशों के पहलवानों ने हिस्सा लिया था। अब बेटी की शादी के अवसर पर घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है। एक तरफ शादी की तैयारियां होंगी तो दूसरी तरफ मैदान में घोड़ों की रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिंद्रा थार किसके नाम होगी और कौन इस मुकाबले का विजेता बनेगा?
Read More-जिसे मौत के घाट उतारा, उसी के भूत ने उड़ा दी नींद! 20 दिन बाद खुद थाने पहुंचकर कातिल ने किया सरेंडर
