Ankita Bhandari Case: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े विवाद में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देहरादून की अदालत ने उन्हें राहत देने से इनकार करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। सोमवार को पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने जमानत अर्जी खारिज कर दी। सुरेश राठौर को हाल ही में डालनवाला पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत अदालत के सामने पेश किए।
जांच में जोड़ी गई एक्सटॉर्शन की धारा
पुलिस ने इस मामले में जांच के दौरान जबरन वसूली यानी एक्सटॉर्शन से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी हैं। जांच एजेंसियों का आरोप है कि कुछ ऑडियो और वीडियो क्लिप का इस्तेमाल दबाव बनाने और राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से किया गया। अदालत में पुलिस की ओर से कहा गया कि अगर किसी तरह का दबाव बनाने की मंशा नहीं होती, तो संबंधित सामग्री को रिकॉर्ड कर सार्वजनिक मंचों पर साझा नहीं किया जाता। पुलिस का दावा है कि इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है और आगे भी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
इस मामले में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सोशल मीडिया पर ऐसे ऑडियो और वीडियो साझा किए गए, जिनसे कई लोगों की छवि प्रभावित हुई। पुलिस के अनुसार, झबरेड़ा, बहादराबाद, नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन सामग्रियों को किस उद्देश्य से प्रसारित किया गया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
अंकिता भंडारी केस से जुड़ने के बाद बढ़ा विवाद
उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़ने के बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस केस को लेकर पहले से ही राज्य में राजनीतिक माहौल गर्म है। अब पूर्व विधायक की गिरफ्तारी और जमानत याचिका खारिज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले में आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
Read More-प्रिंस की मौत के बाद जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद का बड़ा आरोप, बोले- ‘खान सर ने मेरे भाई की…’
