बिहार के सहरसा में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े युवा नेता अभिजीत सिंह राजपूत (Abhijeet Singh Rajput) उर्फ राजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार को गौतम नगर वार्ड नंबर 15 स्थित उनके घर से शव बरामद किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अभिजीत की गोली मारकर हत्या की गई हो सकती है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और अब उन लोगों से पूछताछ की जा रही है, जिनसे वह मौत से पहले मिला था।
बंद घर में मिला शव, दो दिन से नहीं उठा रहे थे फोन
अभिजीत सिंह राजपूत (Abhijeet Singh Rajput) की उम्र करीब 26 साल बताई जा रही है। वह भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री के पद पर थे और हाल ही में 24 अगस्त को उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, अभिजीत के एक दोस्त ने उन्हें लगातार फोन किया, लेकिन करीब दो दिनों तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोस्त उनके घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा बंद था और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाकर अंदर दाखिल हुई। बेडरूम में अभिजीत का शव खून से लथपथ हालत में मिला। उनके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था। घटनास्थल से तेज बदबू भी आ रही थी।
पार्टी से लौटने के बाद क्या हुआ? दोस्तों पर पुलिस की नजर
सहरसा सदर के एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर शव को देखने से गोली लगने की आशंका सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अभिजीत सिंह राजपूत (Abhijeet Singh Rajput) बुधवार को कुछ लोगों के साथ एक पार्टी में गए थे, जहां उन्होंने खाना भी खाया था। जांच में फिलहाल यह संभावना जताई जा रही है कि उसी रात करीब दो बजे उनकी हत्या हुई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पार्टी के बाद अभिजीत सिंह राजपूत (Abhijeet Singh Rajput) किन लोगों के संपर्क में थे और आखिरी बार उनके साथ कौन था। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। मामले में अभिजीत सिंह राजपूत (Abhijeet Singh Rajput) के दोस्त आर्यन पर भी आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
Read More-जुमे की नमाज के वक्त अचानक हुआ ब्लास्ट, 15 की मौत, 50 से ज्यादा लोग घायल
