अमेरिका और ईरान के बीच का विवाद अब एक बेहद खतरनाक मोड़ पर आ गया है, जिससे पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक एक ऐसी घोषणा कर दी है, जिसने सबको चौंका दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट लिखकर सीधे शब्दों में कहा है कि अमेरिका आज रात ही ईरान पर एक बहुत बड़ा और जोरदार हमला करने जा रहा है। ट्रंप की इस खुली धमकी के बाद मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में युद्ध की आग भड़क उठी है। दुनिया भर के लोग इस बात से डरे हुए हैं कि कहीं यह विवाद एक बड़े विश्व युद्ध का रूप न ले ले।
तेल के कुओं पर कब्जे की तैयारी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में बहुत ही आक्रामक बातें लिखी हैं। उन्होंने दावा किया कि ईरान की नेवी, एयरफोर्स और रडार सिस्टम अब पूरी तरह से कमजोर हो चुके हैं और उनके पास लड़ने की ताकत नहीं बची है। ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका बहुत जल्द ईरान के मुख्य ‘खार्ग द्वीप’ और वहां के सभी तेल-गैस के ठिकानों पर कब्जा कर लेगा। उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका अब ईरान के पूरे तेल बाजार को अपने कंट्रोल में ले लेगा, ठीक उसी तरह जैसे उसने पहले वेनेजुएला के साथ किया था। ट्रंप का मानना है कि इससे अमेरिका को बहुत बड़ा फायदा होगा।
ईरान का बड़ा पलटवार
दूसरी तरफ, ईरान ने भी अमेरिका की इस धमकी के आगे घुटने टेकने से साफ मना कर दिया है। ट्रंप के बयान के तुरंत बाद ईरान की सबसे बड़ी सेना ‘आईआरजीसी’ (IRGC) ने मोर्चा संभाल लिया। ईरान ने दावा किया है कि उसने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिका के बड़े मिलिट्री बेस पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। ईरानी सेना के मुताबिक, उन्होंने कुवैत के ‘अली अल-सलेम’ और ‘अहमद अल-जाबेर’ एयर बेस सहित कुल 18 अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने पहले उनके देश पर जो हमले किए थे, यह उसी का करारा जवाब है।
दुनिया के सबसे बड़े समुद्री रास्ते को किया बंद
इस जंग के बीच ईरान ने एक ऐसा कदम उठाया है जिससे पूरी दुनिया में हाहाकार मच सकता है। ईरान ने ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ नाम के समुद्री रास्ते को पूरी तरह से बंद करने का ऐलान कर दिया है और सभी जहाजों को वहां से दूर रहने की चेतावनी दी है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इसी समुद्री रास्ते से पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा कच्चे तेल की सप्लाई होती है। अगर यह रास्ता बंद रहता है, तो दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल की भारी कमी हो जाएगी और कीमतें आसमान छूने लगेंगी। दोनों देशों के बीच छिड़ी इस जंग ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है।
Read More-ओमान में जहाज पर हुए हमले में यूपी के युवक की गई जान, सात महीने पहले कमाने गया था विदेश
