Hardik Pandya Injury: एशिया कप 2025 के फाइनल से पहले टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी टेंशन हार्दिक पांड्या की फिटनेस बन गई है। श्रीलंका के खिलाफ मैच में वह हैमस्ट्रिंग इंजरी का शिकार हुए थे और तभी से उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। हार्दिक ने श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ एक ओवर फेंका था और उसी ओवर में कुसल मेंडिस को शून्य पर आउट करने के बाद मैदान छोड़ना पड़ा। यह न केवल भारतीय फैंस बल्कि टीम मैनेजमेंट के लिए भी बड़ी चिंता का विषय है क्योंकि हार्दिक का ऑलराउंडर रोल टीम के संतुलन के लिए बेहद अहम है।
बीसीसीआई की तरफ से अपडेट का इंतजार
मैच के बाद भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हार्दिक को क्रैंप्स थे और उनकी मेडिकल जांच की जाएगी। इसके बाद ही उनके फाइनल खेलने को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जिससे फैंस की बेचैनी बढ़ती जा रही है। अगर हार्दिक फाइनल से बाहर होते हैं तो भारत को एक नए ऑलराउंडर के साथ टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव करना पड़ सकता है। यह फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया की रणनीति पर सीधा असर डाल सकता है।
फैंस में बढ़ी बेचैनी, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
हार्दिक पांड्या के खेलने को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। कई फैंस जहां उनके जल्द फिट होने की दुआ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग टीम मैनेजमेंट से बैकअप प्लान तैयार करने की मांग कर रहे हैं। भारत-पाकिस्तान का फाइनल हमेशा से हाई-वोल्टेज मैच माना जाता है और ऐसे में हार्दिक जैसे ऑलराउंडर का बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका हो सकता है। अब सबकी निगाहें बीसीसीआई के मेडिकल अपडेट पर टिकी हैं, जो तय करेगा कि हार्दिक फाइनल में खेलेंगे या नहीं।
READ MORE-विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की रोमांटिक सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल
