Agra News: आगरा के अछनेरा क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, गांव कुकथला निवासी लोकेंद्र सोलंकी ने पत्नी चांदनी की हत्या करने के बाद शव को घर के पीछे जला दिया और बाद में उसकी अस्थियां यमुना नदी में बहा दीं। मामला तब सामने आया जब चांदनी का मोबाइल मंगलवार सुबह से बंद मिला और उसके घर पर ताला लगा हुआ था। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो चांदनी के भाई मोहित को उसकी ससुराल भेजा गया। वहां ताला लगा देखकर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी दर्ज कराई।
झगड़े के बाद सिर पर वार करने का आरोप
चांदनी की शादी वर्ष 2022 में अछनेरा के कुकथला गांव निवासी लोकेंद्र से हुई थी। दोनों की करीब ढाई साल की बेटी भी है। मृतका के भाई मनोज का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर चांदनी को परेशान करता था। पुलिस ने बुधवार सुबह लोकेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में वह पत्नी के बारे में अनजान होने की बात कहता रहा। पुलिस के अनुसार, कई घंटे की पूछताछ के बाद उसने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि मंगलवार को दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने सिर पर वार कर चांदनी की जान ले ली।
घर के पीछे शव जलाकर मिटाए सबूत
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद लोकेंद्र ने शव को कहीं बाहर ले जाने के बजाय घर के पीछे बने बाड़े में ठिकाने लगाने की योजना बनाई। कथित तौर पर उसने बाइक से पेट्रोल निकाला और शव को टिन शेड के नीचे लकड़ी व उपलों के बीच रखकर जला दिया। इसके बाद शव से बचे अवशेषों को लेकर वह आगरा पहुंचा और यमुना नदी में बहा आया। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी गांव में पत्नी के लापता होने की बात करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। जांच के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर राख के अवशेष और चांदनी का मोबाइल बरामद किया है।
पति समेत ससुराल पक्ष पर मुकदमा दर्ज
डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य के अनुसार, घटनास्थल से राख और कुछ अन्य अवशेष मिले हैं। इनका डीएनए परीक्षण कराया जाएगा, ताकि उनकी पहचान की पुष्टि हो सके। मामले में चांदनी के भाई मनोज की शिकायत पर पति लोकेंद्र सोलंकी समेत उसके देवरों रूपेंद्र, निखिल और मयंक, जेठानी पूनम तथा ननदों गौरी और मीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दहेज उत्पीड़न, हत्या और साक्ष्य मिटाने से जुड़ी धाराओं में जांच आगे बढ़ा रही है। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Read More- पति की हत्या के पीछे निकला पत्नी का ही हाथ, मुजफ्फरनगर किसान हत्याकांड में खुला बड़ा राज
