महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। लेकिन भारतीय टीम की इस शानदार जीत के बाद मैच से ज्यादा चर्चा प्रेजेंटेशन सेरेमनी की हो रही है। खिताब जीतने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) के हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की। इसके बाद स्टेडियम में मौजूद भारतीय फैंस ने भी नकवी के खिलाफ नारेबाजी की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में फैंस को ‘ट्रॉफी चोर’ के नारे लगाते हुए सुना जा सकता है। इस घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है और क्रिकेट फैंस के बीच इसकी खूब चर्चा हो रही है।
स्टेज पर पहुंचे नकवी तो गूंजने लगे नारे
फाइनल खत्म होने के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी शुरू होने में काफी समय लगा। बाद में मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) स्टेज पर पहुंचे और श्रीलंकाई खिलाड़ियों को रनर-अप के मेडल और चेक दिए। इसके बाद भारतीय टीम के स्टेज पर आने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भारतीय खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में ही रहीं और प्रेजेंटेशन सेरेमनी को समाप्त कर दिया गया। इसी दौरान स्टैंड में मौजूद भारतीय समर्थकों ने जोर-जोर से ‘ट्रॉफी चोर’ के नारे लगाए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फैंस का यह रिएक्शन साफ नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मैच से पहले ही यह चर्चा सामने आ चुकी थी कि भारतीय टीम नकवी के हाथों से ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी।
2025 के पुरुष एशिया कप विवाद की आई याद
मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) को लेकर यह घटनाक्रम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले साल पुरुष एशिया कप के फाइनल के बाद भी ट्रॉफी को लेकर विवाद हुआ था। उस समय भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी और बाद में ट्रॉफी उनके साथ मैदान से बाहर जाने की तस्वीरें और वीडियो चर्चा में रहे थे। इस बार स्थिति कुछ अलग रही। नकवी ने श्रीलंका को मेडल और रनर-अप चेक देने के बाद मैदान छोड़ दिया और ट्रॉफी उनके हाथ में नहीं थी। हालांकि, भारतीय फैंस की नारेबाजी ने इस पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रियाएं भी दीं और इसे पिछले साल के विवाद से जोड़कर देखा।
भारत के नाम दोनों एशिया कप खिताब
महिला एशिया कप 2026 में जीत के साथ भारतीय टीम ने आठवीं बार यह खिताब अपने नाम किया है। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 183 रन बनाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने पिछले महिला एशिया कप के फाइनल में मिली हार का बदला भी ले लिया। वहीं पुरुष एशिया कप 2025 का खिताब भी भारत के पास है। हालांकि, 2025 पुरुष एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर विवाद अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। ऐसे में महिला टीम की जीत के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन और मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) को लेकर हुआ घटनाक्रम एक बार फिर क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गया है।
