भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते भले ही तनावपूर्ण रहे हों, लेकिन जब बात इंसानियत की आती है तो सीमाओं से ऊपर उठकर कदम उठाना भारत की पहचान बन जाती है। इसी की मिसाल हाल ही में देखने को मिली जब भारत ने जम्मू की तवी नदी में संभावित बाढ़ को लेकर पाकिस्तान को पहले ही आगाह कर दिया। भारतीय उच्चायोग, इस्लामाबाद से यह जानकारी पाकिस्तान को साझा की गई, ताकि वहां की जनता और प्रशासन समय रहते सतर्क हो सके। इस कदम ने सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना बटोरी है और लोग कह रहे हैं कि “मानवता पहले, राजनीति बाद में।”
समय पर मिली चेतावनी
तवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरे की स्थिति बन रही थी। भारत ने हालात को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पाकिस्तान को इसकी जानकारी दी, ताकि संभावित बाढ़ से वहां के इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। भारत की यह कोशिश इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अक्सर दोनों देशों के बीच संवाद की कमी के चलते आपदा प्रबंधन में दिक्कतें आती रही हैं। इस बार भारत ने पहल करते हुए पहले ही चेतावनी दी, जिससे बड़े नुकसान को टाला जा सकेगा।
सोशल मीडिया पर तारीफों की बौछार
भारत के इस मानवीय कदम की चर्चा अब सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। ट्विटर और फेसबुक पर लोग इसे “गुडविल जेस्चर” बताते हुए लिख रहे हैं कि पड़ोसी होने के नाते इंसानियत सबसे पहले आनी चाहिए। कई यूजर्स ने लिखा कि राजनीति और मतभेदों के बावजूद यह कदम साबित करता है कि आपदा के समय सीमा नहीं, बल्कि इंसानियत मायने रखती है। वहीं कुछ लोगों ने उम्मीद जताई है कि ऐसे प्रयास आगे चलकर दोनों देशों के बीच बेहतर समझ और सहयोग की राह भी खोल सकते हैं।
Read more-खराब सड़कों पर कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, गड्ढों में खिलाया कमल, वीडियो वायरल
