UP News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रेम संबंध का एक खौफनाक अंत सामने आया है। गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के जंगल में 14 अगस्त को मिले महिला के शव के मामले में पुलिस ने उसके पड़ोसी शमशाद जोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शमशाद और मृतका इमराना के बीच करीब 7-8 महीने से प्रेम संबंध थे। दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इमराना अपनी बेटी की शादी के लिए आरोपी से आर्थिक मदद मांग रही थी। इसके अलावा किसी दूसरे युवक से महिला की नजदीकी को लेकर भी शमशाद नाराज था। पुलिस का दावा है कि इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची।
बेटी की शादी के पैसे और दूसरे युवक को लेकर था विवाद
पुलिस के मुताबिक, इमराना छुटमलपुर की एक दवा कंपनी में नौकरी करती थी और शमशाद अक्सर उसे बाइक से काम पर छोड़ने और लेने जाता था। इसी दौरान दोनों करीब आए और उनके बीच संबंध बन गए। कुछ समय बाद इमराना की बेटी आफरीन की शादी की बात चलने लगी। पुलिस के अनुसार, शादी के खर्च के लिए इमराना शमशाद से पैसे मांग रही थी, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद होने लगा। पुलिस का यह भी कहना है कि इमराना के केसर उर्फ केशव नाम के एक अन्य व्यक्ति से कथित संबंधों को लेकर शमशाद नाराज था। इन विवादों के बीच आरोपी ने महिला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जंगल में ले जाकर सरिया से किया हमला
पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त की शाम शमशाद इमराना को उसकी कंपनी से लेने पहुंचा। उसने पहले से ही हत्या की तैयारी कर रखी थी। पुलिस का दावा है कि उसने अपना मोबाइल घर पर छोड़ दिया और बाइक में भी बदलाव किया, ताकि CCTV में उसकी पहचान मुश्किल हो। इसके बाद वह इमराना को प्रेम संबंध बनाने और पैसे देने की बात कहकर गागलहेड़ी क्षेत्र के नांगल अहीर गांव के जंगल में ले गया। पुलिस के मुताबिक, वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने महिला से कपड़े उतारने को कहा। जैसे ही इमराना कपड़े उतारने लगी, शमशाद ने बाइक में रखा सरिया निकाल लिया और उसके सिर व चेहरे पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया गया। आरोपी ने महिला का मोबाइल तोड़कर सरिया और फोन को तालाब में फेंकने का भी प्रयास किया।
दूसरे युवक को फंसाने की कोशिश, ऐसे पकड़ा गया आरोपी
पुलिस का कहना है कि शमशाद ने हत्या का शक केसर उर्फ केशव पर डालने की योजना बनाई थी। इसी वजह से उसने वारदात की जगह ऐसी चुनी, जो केशव के गांव के आसपास थी। हत्या के बाद आरोपी इमराना के पति के साथ उसकी तलाश करने का नाटक भी करता रहा। लेकिन पुलिस ने घटनास्थल और महिला के आने-जाने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान शमशाद की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। इसके बाद पुलिस ने 22 अगस्त को हरौड़ा कट के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस आगे की जांच और सबूत जुटाने में लगी है।
