Homeउत्तर प्रदेशधीरेंद्र शास्त्री को राजा भैया ने एयरपोर्ट पर किया रिसीव, फिर खुद...

धीरेंद्र शास्त्री को राजा भैया ने एयरपोर्ट पर किया रिसीव, फिर खुद ड्राइविंग कर कथावाचक को लिए गए कोठी

प्रतापगढ़ में राजा भैया की चार दिवसीय रामकथा आज 17 नवंबर से शुरू हो रही है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेने राजा भैया खुद एयरपोर्ट पहुंचे और अपनी गाड़ी चलाकर बेंती कोठी लेकर आए।

-

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में इन दिनों धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीराम कथा की शुरुआत 17 नवंबर से होने जा रही है। कथा सुनाने के लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार शाम प्रयागराज पहुंचे। यहां उनका स्वागत करने के लिए राजा भैया खुद बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे थे। खास बात यह रही कि स्वागत के बाद राजा भैया ने खुद गाड़ी की स्टेयरिंग संभाली और धीरेंद्र शास्त्री को लेकर प्रतापगढ़ स्थित अपनी बेंती कोठी पहुंचे। इस दौरान दोनों की तस्वीरें और मुलाकात चर्चा का विषय बन गई।

 हनुमान मंदिर में किए दर्शन, चार दिन बेंती कोठी में करेंगे प्रवास

जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दुबई से अपने करीब 60 सहयोगियों के साथ प्रयागराज पहुंचे थे। बेंती कोठी पहुंचने के बाद उन्होंने परिसर में बने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने हनुमान जी की आरती उतारी और फूलों की माला अर्पित की। राजा भैया ने भी मंदिर में दर्शन किए। बताया जा रहा है कि कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री राजभवन स्थित पंचवटी में प्रवास करेंगे। उनके आगमन के साथ ही आयोजन स्थल पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

 17 से 20 नवंबर तक चलेगी रामकथा, आखिरी दिन लगेगा दिव्य दरबार

प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन राजभवन बेंती स्थित हवाई पट्टी परिसर के योगीराज देवरहा बाबा कथा मंडपम में किया जाएगा। 17 नवंबर से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा सुनाएंगे। वहीं, 20 नवंबर को कार्यक्रम के अंतिम दिन दिव्य दरबार आयोजित किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्सुकता है। आयोजकों की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन भी आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क है।

 रामकथा को लेकर पहले ही शुरू हो चुका है सियासी विवाद

इस धार्मिक आयोजन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी सामने आ चुकी है। समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने कथा का विरोध करने की बात कही थी। उनका आरोप है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री धार्मिक आयोजनों के जरिए बीजेपी के एजेंडे को आगे बढ़ाते हैं। दूसरी ओर, राजा भैया ने विरोध के बीच साफ कहा था कि रामकथा का आयोजन होकर रहेगा। अब राजनीतिक बयानबाजी के बीच 17 नवंबर से कथा की शुरुआत होने जा रही है। ऐसे में धार्मिक कार्यक्रम के साथ-साथ इस आयोजन पर राजनीतिक नजरें भी टिकी हुई हैं।

Read More-बेरोजगार युवाओं के लिए CM का बड़ा ऐलान, सरकारी नौकरी के फॉर्म की फीस में नहीं पड़ेगा एक भी पैसा!

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts