उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और प्रशासन को भी हैरान कर दिया। श्रीलंका की रहने वाली एक महिला करीब सात साल तक अपनी असली नागरिकता छिपाकर गांव में रहती रही। इस दौरान उसने स्थानीय युवक से निकाह किया और अपना नाम भी बदल लिया। मामला तब खुला, जब महिला ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे दोबारा पासपोर्ट बनवाने की कोशिश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला, उसके पति और ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि को गिरफ्तार किया है। मामले में ग्राम प्रशासन से जुड़े लोगों समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जॉर्डन में हुई मुलाकात, फिर पीलीभीत तक पहुंची प्रेम कहानी
पुलिस की जांच के अनुसार, श्रीलंका की नागरिक सुरैनी श्रीवंतिका की मुलाकात पीलीभीत के शेरपुरकलां गांव निवासी मोहम्मद इमरान से जॉर्डन में हुई थी। इमरान वर्ष 2018 में वहां अकाबा शहर में सिलाई मशीनों की मरम्मत का काम करता था। इसी कंपनी में सुरैनी भी नौकरी करती थी। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। कुछ समय बाद दोनों अपने-अपने देश लौट गए। इसके बाद मार्च 2019 में सुरैनी तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर इमरान से मिलने पीलीभीत पहुंची। यहां दोनों ने निकाह कर लिया। बाद में 3 जून 2019 को कोर्ट मैरिज भी की गई।
सुरैनी से बन गई जैनब बेगम, वीजा खत्म होने के बाद भी रही गांव में
निकाह के बाद सुरैनी श्रीवंतिका ने अपना नाम बदलकर जैनब बेगम रख लिया। आरोप है कि तीन महीने के टूरिस्ट वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह भारत में ही रहकर पीलीभीत के शेरपुरकलां गांव में रहने लगी। इस दौरान उसने अपनी श्रीलंकाई नागरिकता छिपाई। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड और निवास प्रमाण पत्र भी बनवा लिए थे। इन दस्तावेजों के जरिए उसने अपनी पहचान भारतीय नागरिक के रूप में दिखाने की कोशिश की। करीब सात साल तक यह मामला सामने नहीं आया।
पासपोर्ट के आवेदन ने खोल दी पोल, पुलिस ने शुरू की जांच
मामले का खुलासा तब हुआ, जब महिला ने वर्ष 2021 में दोबारा पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को उसकी पहचान और नागरिकता को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। जांच में कथित फर्जी दस्तावेजों और महिला के श्रीलंकाई नागरिक होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मोहम्मद इमरान, सुरैनी उर्फ जैनब बेगम, ग्राम प्रशासक, प्रशासक प्रतिनिधि नजीब खान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पति और महिला समेत तीन गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जैनब बेगम, उसके पति मोहम्मद इमरान और ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला के फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका थी और इस पूरे मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई। साथ ही महिला के भारत में रहने और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
Read More-ट्रेलर और कंटेनर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत, 23 लोगों की चली जान! कई की हालत गंभीर
