उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से गुजरने वाले यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार देर रात एक बेहद खौफनाक हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली के कश्मीरी गेट से करीब 40 यात्रियों को लेकर मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही ‘खजुराहो ट्रेवल्स’ की एक निजी बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना थाना राया क्षेत्र के अंतर्गत राया कट पुल के ऊपर हुई। बस को नौगांव (छतरपुर) निवासी चालक जितेंद्र चला रहा था। सफर के दौरान ज्यादातर यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते धुएं के साथ आग की लपटें उठने लगीं।
चालक की सूझबूझ से बची 40 जिंदगियां
चलती बस में आग लगने का आभास होते ही चालक जितेंद्र ने घबराने के बजाय गजब की सूझबूझ दिखाई और तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस रुकते ही अंदर सो रहे यात्रियों को जगाया गया, लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। बस से करीब 20 फीट ऊंची आग की लपटें उठती देख यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हर कोई अपनी जान बचाने के लिए दरवाजे और खिड़कियों की ओर भागा। गनीमत रही कि समय रहते सभी 40 यात्री बस से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन इस भागदौड़ में यात्रियों को अपना सामान निकालने का बिल्कुल मौका नहीं मिला और सारा सामान जलकर राख हो गया।
डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल हरकत में आ गए। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब 1 बजकर 38 मिनट पर पीआरवी 5840 को एक्सप्रेसवे पर बस जलने की जानकारी मिली थी। सूचना पाकर राया थाना प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग इतनी भयावह थी कि दमकल कर्मियों को उस पर पूरी तरह काबू पाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुकी थी।
पुलिस अधिकारी ने की पुष्टि, हादसे में कोई जनहानि नहीं
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने मुस्तैदी से सुचारू कराया। मामले की जानकारी देते हुए महावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में आग लगने की खबर मिलते ही पुलिस टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई थी। दमकल विभाग के सहयोग से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि बस में सवार सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था और इस भीषण अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बाद में सभी यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई।
Read More-रिंकू सिंह- प्रिया सरोज की शादी में शामिल होंगे सीएम योगी! लखनऊ में कब दुल्हन बनेगी सपा सांसद?
