Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से रिश्तों और विवाद से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। हरपालपुर क्षेत्र के खुर्रमपुरवा गांव में एक व्यक्ति को कथित तौर पर बंधक बनाकर उसका आधा सिर और आधी मूंछ काट दी गई। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला डालकर गांव में घुमाए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में एक महिला की भूमिका बताई जा रही है, जिसकी पहले तीन शादियां हो चुकी हैं और उसके नौ बच्चे हैं।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी नरेंद्र और सोनिया की कहानी
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के डडोस कुसमरा गांव निवासी नरेंद्र के मुताबिक उसकी मुलाकात सोनिया यादव से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां हुईं और नरेंद्र सोनिया से मिलने कन्नौज के गौरीघाट पहुंचा। इसके बाद वह सोनिया को गुरुग्राम ले गया, जहां करीब दो दिन बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। नरेंद्र का दावा है कि परिवार की नाराजगी के बावजूद वह करीब ढाई साल तक सोनिया के साथ रहा। बाद में उसे सोनिया की पिछली शादियों और उसके नौ बच्चों के बारे में जानकारी मिली। नरेंद्र के अनुसार जुलाई 2026 में सोनिया की तबीयत खराब होने पर वह उसे गौरीघाट छोड़कर आया था। इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात जारी रही।
चौथे व्यक्ति से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद
नरेंद्र ने आरोप लगाया कि 25 सितंबर को वह बहादुरगढ़ से गुरसहायगंज पहुंचा और सोनिया से मिला। इसी दौरान उसने महिला का मोबाइल देखा, जिसमें किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत होने की जानकारी सामने आने पर दोनों में विवाद हो गया। नरेंद्र के मुताबिक इसी दौरान गर्भावस्था से जुड़ी बात भी सामने आई। विवाद बढ़ने पर उसने सोनिया को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आरोप है कि सोनिया उसे अपने गांव खुर्रमपुरवा ले गई और मुन्ना यादव के घर पर रिश्तेदार बताकर रुकवाया। नरेंद्र का आरोप है कि बाद में सोनिया और मुन्ना ने उसे पकड़ लिया। उसके बाल और मूंछ का आधा हिस्सा उस्तरे और कैंची से काट दिया गया। इसके बाद उसके गले में जूतों की माला डालकर उसे अपमानित किया गया। नरेंद्र ने खुद को कई घंटे तक बंधक बनाए जाने का भी आरोप लगाया है।
वीडियो वायरल हुआ तो पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो में नरेंद्र हाथ जोड़कर रहम की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सोमवार को पुलिस के संज्ञान में आया। हरपालपुर के क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव के अनुसार घटना रविवार की बताई जा रही है और पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की तलाश की जा रही है। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है। मामले में सामने आए आरोपों और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Read More-मकान तोड़ने पहुंची JCB के सामने अचानक मची अफरा-तफरी, दीवार की चपेट में आई महिला; फिर बरसने लगे पत्थर
