प्रयागराज के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित साउथ मलाका इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक बंद पड़े कारोबारी के घर से तीन शव बरामद हुए। घर के अलग-अलग कमरों में पति, पत्नी और बेटी के शव पड़े मिले, जिनसे तेज दुर्गंध आ रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि तीनों की मौत कुछ दिन पहले ही हो चुकी थी। शवों पर चोट के निशान भी पाए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या किसी भारी वस्तु से वार करके की गई है। घर के भीतर का दृश्य इतना भयावह था कि पुलिस टीम को भी जांच में काफी सावधानी बरतनी पड़ी।
लापता बेटे की तलाश के बीच मिला चौथा शव, दुकान बना रहस्य का केंद्र
इस मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब पुलिस को घर के नीचे स्थित एक बंद दुकान से एक और शव बरामद हुआ। यह शव काफी पुराना बताया जा रहा है और आशंका जताई जा रही है कि यह कारोबारी के लापता बेटे अभिषेक का हो सकता है। पुलिस के अनुसार, कारोबारी वीरेंद्र वैश्य ने अपने घर के नीचे कई दुकानें किराए पर दे रखी थीं, जिनमें से एक दुकान बंद पड़ी थी। सर्च ऑपरेशन के दौरान उसी दुकान से शव मिलने के बाद अब कुल मृतकों की संख्या चार हो गई है। हालांकि चौथे शव की आधिकारिक पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन जांच टीम हर एंगल से इसकी पुष्टि में जुटी है।
“बंटी-बबली ने मारा है” लिखावट से गहराया रहस्य, जांच में जुटी पुलिस
इस सनसनीखेज मामले में सबसे बड़ा रहस्य उस समय जुड़ गया जब पुलिस को घटनास्थल के पास एक बिजली के बोर्ड पर “बंटी-बबली और बहू ने मारा है” जैसी संदिग्ध लिखावट मिली। इस संदेश ने पूरे केस को और ज्यादा पेचीदा बना दिया है। पुलिस इस लिखावट की सत्यता और इसके पीछे की मानसिकता की जांच कर रही है कि क्या यह असली सुराग है या किसी को फंसाने की कोशिश। एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा ने बताया कि सभी संभावित एंगल पर जांच की जा रही है और कई लोगों से पूछताछ भी जारी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा कर लिए हैं और हर छोटी-बड़ी कड़ी को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
परिवार की आपसी रंजिश, पुलिस की कई टीमें सक्रिय
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कारोबारी वीरेंद्र वैश्य का छोटा बेटा अश्वनी वैश्य इस समय कौशांबी जेल में बंद है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं बड़े बेटे अभिषेक के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी वजह से पारिवारिक विवाद और आपराधिक पृष्ठभूमि को भी जांच के केंद्र में रखा गया है। पुलिस की कई टीमें इस पूरे मामले को सुलझाने में जुटी हैं और हर संभावित साजिश, रंजिश और बाहरी एंगल की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Read More-NEET विवाद के बीच छात्रा की मौत से उठे कई सवाल, आखिर किस दबाव से टूट गई श्रुति?
