टीवी का बेहद लोकप्रिय क्राइम शो ‘CID’ साल 1998 में शुरू हुआ था और करीब दो दशक तक दर्शकों का मनोरंजन करता रहा। शो में ACP प्रद्युमन, दया और अभिजीत जैसे किरदार घर-घर में मशहूर हुए। हालांकि, 2018 में अचानक शो बंद हो गया। अब दया का किरदार निभाने वाले अभिनेता दयानंद शेट्टी ने इसके पीछे की वजह पर खुलकर बात की है। सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि शो बंद होने के पीछे सिर्फ कहानी या टीआरपी की वजह नहीं थी, बल्कि चैनल और प्रोड्यूसर्स के बीच बदलाव को लेकर विवाद भी था। उनके मुताबिक चैनल शो के प्रोड्यूसर्स को बदलना चाहता था, लेकिन पूरी कास्ट इस फैसले के पक्ष में नहीं थी।
21 साल काम किया, लेकिन कभी कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ
दयानंद शेट्टी ने बताया कि शो की पूरी टीम प्रोड्यूसर्स के साथ लंबे समय से जुड़ी हुई थी और उनके बीच आपसी भरोसा था। उन्होंने कहा कि करीब 21 साल तक काम करने के बावजूद उन्होंने कभी कोई कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं किया था। साल 2016 में जब चैनल की ओर से कलाकारों के कॉन्ट्रैक्ट मांगे गए, तब पता चला कि कलाकारों ने कभी औपचारिक कॉन्ट्रैक्ट किया ही नहीं था। दयानंद के मुताबिक इसके बाद परिस्थितियां बदलने लगीं। उन्होंने शो बंद होने के पीछे की स्थिति को ‘पॉलिटिक्स’ से भी जोड़ा। बाद में जब चैनल ने एक दूसरे क्राइम शो को दोबारा शुरू किया, तो सोशल मीडिया पर दर्शकों ने ‘CID’ की वापसी की मांग शुरू कर दी। फैंस लगातार चैनल के सोशल मीडिया कमेंट सेक्शन में शो को वापस लाने की अपील करते रहे।
लता मंगेशकर ने भी किया था शो का समर्थन
दयानंद शेट्टी ने शो से जुड़ा एक भावुक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि महान गायिका लता मंगेशकर ‘CID’ की बड़ी प्रशंसक थीं और शो के कलाकारों को काफी पसंद करती थीं। जब 2018 में शो बंद हुआ तो उन्होंने कथित तौर पर मेकर्स और चैनल के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। दयानंद के अनुसार, लता मंगेशकर ने शो बंद करने के फैसले पर सवाल उठाया था और यहां तक कि सोनी अमेरिका तक फोन किया था। उन्होंने कहा था कि वह खुद यह शो देखती हैं तो इसे बंद क्यों किया जा रहा है। करीब दो दशक तक दर्शकों के बीच लोकप्रिय रहने के बाद ‘CID’ साल 2024 में नए सीजन के साथ टीवी पर वापस आया। पुराने किरदारों की वापसी ने शो के फैंस की पुरानी यादें फिर ताजा कर दीं।
