बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी खराब सेहत और काम की कमी के कारण मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह काफी कमजोर और भावुक दिखाई दिए थे। इस वीडियो के जरिए उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से मदद और काम देने की अपील की थी। अब उनकी पुकार सुनकर अभिनेता सोनू सूद आगे आए हैं। सोनू सोमवार को मुंबई के बांद्रा इलाके में शरद कपूर से मिलने पहुंचे। दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। इस मुलाकात के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिन्हें देखकर लोग सोनू सूद के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं।
मेडिकल सप्लाई का इंतजाम, प्रोजेक्ट पर भी हुई बातचीत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोनू सूद ने शरद कपूर की जरूरतों को समझते हुए उनके लिए जरूरी मेडिकल सप्लाई की व्यवस्था की है। इसके अलावा दोनों के बीच एक संभावित फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर भी बातचीत हुई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शरद को किस फिल्म में काम मिलने वाला है या उनके साथ किसी प्रोजेक्ट को अंतिम रूप दिया गया है या नहीं। फिर भी इस मुलाकात को अभिनेता के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। लंबे समय से काम की तलाश कर रहे शरद के लिए यह मदद नई उम्मीद लेकर आई है। खास बात यह है कि सोनू सूद पहले भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कई बार आगे आ चुके हैं।
भावुक वीडियो में शरद ने बयां किया था अपना दर्द
दरअसल, कुछ दिन पहले शरद कपूर का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उनके चार पालतू कुत्तों को उनकी खराब सेहत के चलते एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजा जा रहा था। इस दौरान अभिनेता काफी भावुक हो गए थे। इसके बाद उन्होंने एक अन्य वीडियो में अपनी मानसिक और शारीरिक परेशानियों के बारे में बताया। शरद ने यह भी कहा था कि वह डिप्रेशन के दौर से गुजर चुके हैं और अब दोबारा अभिनय करना चाहते हैं। उन्होंने फिल्म निर्माताओं और कलाकारों से उन्हें काम देने की अपील की थी। उनकी इस गुहार के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी इंडस्ट्री से उनकी मदद करने का अनुरोध किया था।
‘दस्तक’ और ‘जोश’ से बनाई थी खास पहचान
शरद कपूर ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया है। उन्हें 1996 में आई फिल्म ‘दस्तक’ से खास पहचान मिली थी। इसके बाद वह ‘जोश’, ‘तमन्ना’, ‘खौफ’, ‘जानी दुश्मन’, ‘एलओसी कारगिल’ और ‘लक्ष्य’ जैसी फिल्मों में नजर आए। हालांकि, बीते कई वर्षों से वह बड़े पर्दे पर ज्यादा सक्रिय नहीं रहे हैं। साल 2024 में भी वह एक महिला द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर चर्चा में आए थे। शरद ने इन आरोपों से इनकार किया था। अब सोनू सूद की पहल के बाद उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि अभिनेता जल्द ही फिर से फिल्मों में नजर आ सकते हैं।
