संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने परिसीमन बिल को लेकर बड़ी तैयारी कर ली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 पर विचार करने के लिए लोकसभा को सिफारिश भेजी है। यह विधेयक 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले विशेष सत्र में पेश किया जाना है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद अब इस पर संसद में चर्चा होगी। प्रस्ताव के मुताबिक, देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लोकसभा के साथ विधानसभा सीटों की संख्या भी मौजूदा संख्या से 50 प्रतिशत बढ़ाई जा सकती है।
लोकसभा में 850 सीटें होने का प्रस्ताव, राज्यों को भी मिलेगा फायदा
इस विधेयक के लागू होने पर लोकसभा की कुल सीटें बढ़कर 850 तक पहुंच सकती हैं। प्रस्तावित व्यवस्था में 815 सीटें राज्यों और 35 सीटें केंद्र शासित प्रदेशों के लिए रखी गई हैं। इसके साथ ही संविधान का 132वां संशोधन विधेयक भी पेश किया जाएगा। इसमें 2051 तक लोकसभा में राज्यों की हिस्सेदारी का मौजूदा अनुपात बनाए रखने का प्रस्ताव है। इसका मतलब है कि सीटें बढ़ने के बावजूद राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बरकरार रखने की कोशिश की जाएगी।
परिसीमन के लिए किस जनगणना के आंकड़ों का होगा इस्तेमाल?
परिसीमन की प्रक्रिया में चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा निर्धारित की जाती हैं। फिलहाल देश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं 2001 की जनगणना के आधार पर तय हैं। नए प्रस्ताव के अनुसार, परिसीमन के लिए उस समय उपलब्ध नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाएगा। चूंकि 2027 की जनगणना की प्रक्रिया जारी है, इसलिए 2011 की जनगणना को आधार बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। इस बदलाव का असर कई राज्यों के संसदीय और विधानसभा क्षेत्रों पर पड़ सकता है।
क्या बदल जाएगा चुनावी व्यवस्था का पूरा गणित?
परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव में सीटों की संख्या और चुनाव क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने की बात कही गई है। वहीं राष्ट्रपति की सिफारिश संविधान के अनुच्छेद 117(3) के तहत आई है। इस प्रावधान के अनुसार, भारत की संचित निधि से खर्च जुड़ा होने वाले किसी विधेयक को राष्ट्रपति की सिफारिश के बिना संसद पारित नहीं कर सकती। अब सबकी नजर विशेष सत्र पर है। अगर दोनों विधेयक संसद से पारित हो जाते हैं तो देश की चुनावी व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, अंतिम तस्वीर विधेयकों के पारित होने और परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Read more-महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर बोले PM मोदी,कहा-‘हमारा इरादा…’

