महाराष्ट्र की राजनीति में गोकुल डेयरी चुनाव को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव में बीजेपी समर्थित महायुति गुट को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद अध्यक्ष पद पर महायुति के राजेश पाटिल की ताजपोशी हो गई। इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों ने बीजेपी और राज्य सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। दरअसल, गोकुल डेयरी के 25 निदेशक पदों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित गुट ने 13 सीटें हासिल कीं, जबकि महायुति समर्थित उम्मीदवारों को 12 सीटें मिलीं। इसके बावजूद कांग्रेस के सतेज पाटिल को अध्यक्ष नहीं बनाया गया। सरकार की ओर से लाए गए अध्यादेश के बाद अध्यक्ष पद का समीकरण बदल गया।
CJP नेता अभिजीत दीपके ने बीजेपी पर साधा निशाना
इस पूरे मामले पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दीपके ने बीजेपी को घेरा है। पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हारने के बाद नियमों में बदलाव करके सत्ता हासिल करने की कोशिश की गई। दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग एक दूध डेयरी का चुनाव भी हारने के बाद नहीं छोड़ रहे हैं, उनसे विधानसभा और लोकसभा चुनाव में क्या उम्मीद की जा सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यादेश के जरिए चार सदस्यों को नियुक्त करने का रास्ता बनाया गया, जिससे चुनावी नतीजों के बावजूद महायुति को अध्यक्ष पद मिल गया। CJP ने इस बयान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है।
After losing the Gokul dairy election, BJP brought in an ordinance to change the election rules and secure a win.
If they can stoop this low for a dairy election, how low can they go for Vidhan Sabha and Lok Sabha? https://t.co/cyIfEpuSxd
— Cockroach Janta Party – CJP (@Cockroachisback) November 25, 2026
‘लोकतंत्र नाम की चीज नहीं बची’, विपक्ष ने उठाए सवाल
अभिजीत दीपके ने अपने बयान में कहा कि डेयरी जैसे छोटे चुनाव में भी अगर इस तरह से नियम बदले जाएंगे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी चुनावी हार को स्वीकार करने के बजाय सत्ता में बने रहने के लिए रास्ते तलाश रही है। दीपके ने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि दूध डेयरी के चुनाव में भी इस तरह की दखलअंदाजी क्यों की जा रही है। वहीं, गोकुल डेयरी के अध्यक्ष पद को लेकर महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस विवाद पर बीजेपी और महायुति की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

