दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़े षड्यंत्र के मामले में जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है। बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने दोनों आरोपियों की अंतरिम जमानत की मांग पर तत्काल फैसला देने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान उमर खालिद की तरफ से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और शरजील इमाम की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे पेश हुए। दोनों वकीलों ने लंबे समय से जेल में बंद होने का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत देने की अपील की। इस पर सीजेआई सूर्यकांत ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, ‘आज नहीं।’ कोर्ट के इस रुख के बाद दोनों की जमानत को लेकर कानूनी लड़ाई एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को भेजा नोटिस, मांगा जवाब
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की अंतरिम जमानत की मांग पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। पीठ ने साफ किया कि अंतरिम राहत पर विचार करने से पहले पुलिस का पक्ष सुनना जरूरी है। इस मामले में चीफ जस्टिस सूर्यकांत के साथ जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी पीठ का हिस्सा हैं। दोनों आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं। अब दिल्ली पुलिस के जवाब के बाद अदालत इस मामले में आगे विचार करेगी। फिलहाल दोनों आरोपियों को अंतरिम जमानत नहीं मिली है।
आखिर किस आधार पर मांगी गई जमानत? याचिका में दी गई ये दलीलें
उमर खालिद और शरजील इमाम की ओर से दाखिल याचिकाओं में कई कानूनी आधारों पर राहत मांगी गई है। बचाव पक्ष का कहना है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाया है। इसके अलावा, सुप्रीम कोर्ट की ओर से पहले लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी पूरी होने के करीब है। वकीलों ने लंबे समय से जेल में रहने का मुद्दा उठाते हुए अंतरिम जमानत देने की मांग की। यह मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों से जुड़ी कथित साजिश की जांच से संबंधित है। दोनों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मामले में आरोपों का अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा। अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर है।
