MS Dhoni Retirement: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में अपनी अलग पहचान बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे। मंगलवार, 17 नवंबर को चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान किया। फ्रेंचाइजी ने बताया कि धोनी IPL से खिलाड़ी के तौर पर संन्यास ले रहे हैं और 2027 के सीजन से टीम में मेंटॉर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस खबर के सामने आते ही क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा तेज हो गई। धोनी ने करीब 18 साल तक IPL में अपने खेल से करोड़ों लोगों का दिल जीता। अब वह मैदान पर बल्ला और विकेटकीपिंग ग्लव्स लेकर उतरने के बजाय ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को अपने अनुभव से रास्ता दिखाएंगे। CSK के इस फैसले को टीम के भविष्य की तैयारी के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
IPL 2026 में नहीं खेले थे एक भी मुकाबला
धोनी के IPL से संन्यास लेने की खबर ने इसलिए भी फैंस को भावुक कर दिया है, क्योंकि पिछले सीजन में भी उन्हें मैदान पर खेलते हुए नहीं देखा गया था। पिंडली की चोट के कारण वह IPL 2026 का एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। हालांकि, वह टीम के साथ जुड़े रहे और कई मौकों पर मैदान पर दिखाई दिए। उनकी एक झलक पाने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते थे। फैंस को उम्मीद थी कि धोनी एक बार फिर पीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे और अपने खास अंदाज में मुकाबलों का रुख बदलेंगे। लेकिन अब उनके संन्यास के फैसले से यह उम्मीद खत्म हो गई है। खास बात यह है कि धोनी ने खिलाड़ी के रूप में अपने सफर को समाप्त करने के लिए किसी फेयरवेल मैच का इंतजार नहीं किया। हालांकि, CSK के साथ उनका रिश्ता आगे भी जारी रहेगा।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT 🦁💛
A once-in-a-lifetime player.
A new role. A bond that lasts forever 💛
Mahendra Singh Dhoni takes charge as the Team Mentor of Chennai Super Kings!
Through countless victories, challenging times, and memories that will stay in our hearts forever, MS has been at the heart of our journey from the very beginning.
From leading us to glory to guiding the next generation of Super Kings, Thala will always be a part of our identity. And Chennai will always be his home.
Read more : https://t.co/YKsoHYE51A
#WhistlePodu
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
धोनी की कप्तानी में CSK ने जीते पांच IPL खिताब
चेन्नई सुपर किंग्स को आज जिस मजबूत टीम के रूप में पहचाना जाता है, उसे बनाने में धोनी का सबसे बड़ा योगदान रहा है। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL की ट्रॉफी अपने नाम की। टीम ने आखिरी बार 2023 में खिताब जीता था। इसके बाद धोनी ने कप्तानी की जिम्मेदारी रुतुराज गायकवाड़ को सौंप दी थी। हालांकि, कप्तानी छोड़ने के बावजूद वह टीम के लिए लगातार अहम बने रहे। CSK पर दो साल का प्रतिबंध लगने के दौरान धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से भी खेले थे, लेकिन उनकी पहचान हमेशा चेन्नई के साथ ही जुड़ी रही। अब मेंटॉर के रूप में उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा खिलाड़ियों को तैयार करना और टीम को मुश्किल परिस्थितियों में सही फैसले लेने में मदद करना होगी। फ्रेंचाइजी का मानना है कि धोनी का अनुभव नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
ऐसे रहे माही के IPL करियर के शानदार आंकड़े
महेंद्र सिंह धोनी का IPL करियर आंकड़ों के लिहाज से भी बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अपने पूरे IPL सफर में 278 मुकाबले खेले और 38.3 की औसत से कुल 5439 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 137.46 रहा। धोनी ने भले ही IPL में एक भी शतक नहीं लगाया, लेकिन कई मौकों पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से टीम को जीत दिलाई। इस लीग में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 84 रन रहा। वह IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हैं। अब उनके बल्ले से छक्के देखने का मौका शायद फैंस को नहीं मिलेगा, लेकिन मेंटॉर के रूप में उनकी मौजूदगी CSK के ड्रेसिंग रूम में बनी रहेगी। धोनी के लिए यह एक नई पारी की शुरुआत है, जबकि उनके चाहने वालों के लिए मैदान पर माही को खेलते देखने के दौर का भावुक अंत है।
