Ramya Krishnan: फिल्म ‘बाहुबली’ में शिवगामी देवी का दमदार किरदार निभाकर देशभर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) एक बार फिर चर्चा में हैं। लंबे समय से उनके और पति कृष्णा वामसी के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। दोनों के अलग-अलग रहने की वजह से उनके तलाक की अटकलें भी लगाई जा रही थीं। अब एक्ट्रेस ने खुद इन चर्चाओं पर अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ किया है कि उनके और पति के बीच कोई बड़ी परेशानी नहीं है। दोनों आज भी शादीशुदा हैं, लेकिन अपने-अपने काम और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अलग-अलग शहरों में रहते हैं।
हैदराबाद में पति तो चेन्नई में रहती हैं एक्ट्रेस
राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) ने ‘रॉ टॉक्स विद वीके’ पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कई बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि उनके पति कृष्णा वामसी हैदराबाद में रहते हैं, जबकि वह चेन्नई में रहती हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह दोनों का प्रोफेशन है। दरअसल, राम्या को अपने काम के सिलसिले में अक्सर एक शहर से दूसरे शहर जाना पड़ता था। शूटिंग और लगातार यात्रा के कारण प
रिवार की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही थी। ऐसे में दोनों ने मिलकर अलग-अलग शहरों में रहने का फैसला किया, ताकि काम और परिवार के बीच बेहतर तालमेल बनाया जा सके।
बेटे की सेहत बनी बड़े फैसले की वजह, फिर बदला रहने का ठिकाना
एक्ट्रेस राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) ने बताया कि जब वह टीवी सीरियल में काम कर रही थीं, तब उन्हें बार-बार चेन्नई से हैदराबाद और हैदराबाद से चेन्नई आना पड़ता था। इस भागदौड़ का असर उनके बेटे ऋत्विक की सेहत पर पड़ने लगा था। राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) के मुताबिक, जब भी वह काम के लिए शहर से बाहर जाती थीं, उनका बेटा बीमार पड़ने लगता था। इसके बाद उन्होंने और कृष्णा वामसी ने बैठकर इस समस्या का समाधान निकाला। दोनों ने बेटे का चेन्नई के एक स्कूल में दाखिला कराया और राम्या भी उसके साथ चेन्नई में रहने लगीं। वहीं, कृष्णा अपने काम के कारण हैदराबाद में ही रहने लगे।
2003 में हुई थी शादी, अब पति-पत्नी से ज्यादा अच्छे दोस्त हैं दोनों
राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) ने बातचीत में यह भी बताया कि समय के साथ उनके रिश्ते में काफी बदलाव आया है। अब दोनों के बीच पहले की तरह बहस नहीं होती और वे एक-दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं। एक्ट्रेस के अनुसार, आज वे पति-पत्नी होने के साथ-साथ अच्छे दोस्त भी हैं। बता दें कि राम्या कृष्णन और फिल्म निर्देशक कृष्णा वामसी की शादी साल 2003 में हुई थी। साल 2005 में दोनों बेटे ऋत्विक के माता-पिता बने।
राम्या कृष्णन (Ramya Krishnan) ने ‘बाहुबली’, ‘पदयप्पा’ और कई दूसरी फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। फिलहाल उनके खुलासे के बाद यह साफ हो गया है कि अलग-अलग रहने का फैसला किसी रिश्ते की कड़वाहट नहीं, बल्कि परिवार और करियर की जरूरतों से जुड़ा है।
