Lucknow News: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) से जुड़े धर्मांतरण और यौन शोषण के मामले में आरोपी डॉ. रमीजुद्दीन उर्फ रमीज को लेकर पुलिस पूछताछ में कई गंभीर आरोप सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाता था। हैरानी की बात यह है कि वह मुर्गे के खून से लव लेटर लिखकर भेजता था और दावा करता था कि यह उसके अपने खून से लिखा गया है। आरोप है कि बाद में वह निजी वीडियो के जरिए युवतियों पर दबाव बनाता था। फिलहाल आरोपी जेल में बंद है और पुलिस उसके मोबाइल फोन समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है।
मुर्गे के खून से लिखता था प्रेम पत्र
पुलिस के अनुसार, रमीज युवतियों का भरोसा जीतने के लिए भावनात्मक तरीके अपनाता था। वह मुर्गे के खून से पत्र लिखकर उन्हें भेजता और इसे अपने प्यार का सबूत बताता था। आरोप है कि नजदीकियां बढ़ने के बाद वह युवतियों के साथ शारीरिक संबंध बनाता और उनके निजी वीडियो अपने मोबाइल में सुरक्षित रखता था। बाद में इन्हीं वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उन पर दबाव बनाता था।
निजी VIDEO के जरिए रिश्ते तुड़वाने का आरोप
जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, रमीज युवतियों को उनके परिवार से दूर करने की कोशिश करता था। इसके लिए वह उनके कमरों में शराब की बोतल और गर्भनिरोधक जैसी चीजें रख देता था। आरोप है कि जब किसी युवती की शादी तय होती, तो वह उसके मंगेतर को निजी वीडियो भेजकर रिश्ता तुड़वाने की कोशिश करता था। एक मामले में चार रिश्ते टूटने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इन सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
2012 से शुरू हुई कहानी, गर्भपात का भी आरोप
पुलिस पूछताछ के अनुसार, वर्ष 2012 में आगरा के मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान रमीज की एक युवती से मुलाकात हुई थी। आरोप है कि उसने शादी का भरोसा देकर संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। वर्ष 2016 में युवती के गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा दिलाने का आरोप भी लगाया गया है। इसके बाद युवती की तबीयत बिगड़ने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।
धर्मांतरण के दबाव और कई युवतियों की जांच
आरोप है कि रमीज युवतियों पर शादी के साथ धर्मांतरण का दबाव भी बनाता था। वर्ष 2023 में KGMU में दाखिले के बाद भी उसके संपर्क में आई एक युवती को लेकर शिकायतें सामने आईं। उस पर पढ़ाई छुड़वाने, दबाव बनाने और मारपीट करने के आरोप हैं। अब पुलिस मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इस मामले में कितनी युवतियां आरोपी के संपर्क में आई थीं।
