उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 8 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। इस सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी (Smriti Irani) का नाम नहीं है, जबकि चुनाव से पहले उनके नाम को लेकर चर्चा चल रही थी। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार को जगह मिली है। यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होना है।
Smriti Irani ने दी सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं
उम्मीदवारों के ऐलान के बाद स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बीजेपी के सभी घोषित प्रत्याशियों को चुनाव के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में स्मृति ईरानी (Smriti Irani) ने खास तौर पर प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार का जिक्र किया। उन्होंने दोनों महिला उम्मीदवारों के संगठन और सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे काम को रेखांकित करते हुए कहा कि उनका राज्यसभा चुनाव के लिए चयन व्यक्तिगत रूप से उनके लिए गर्व की बात है। साथ ही उन्होंने सभी उम्मीदवारों के आगामी चुनाव में सफलता की कामना की।
भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव 2026 हेतु सभी घोषित प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
संगठन एवं लोकसेवा के क्षेत्र में @PriyankaMP_BBK का सशक्त योगदान तथा सामाजिक रूप से वंचित वर्गों को शिक्षा एवं उद्यमिता के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए @ShrutiGangwarIN का समर्पण, दोनों बहनों का राज्यसभा चुनाव हेतु संगठन द्वारा चयन किया जाना, व्यक्तिगत रूप से गर्व का विषय है।
आगामी चुनाव में आप सभी के शानदार विजय के लिए मंगलकामनाएं।
— Smriti Z Irani (@smritiirani) October 5, 2026
दो महिला चेहरों पर क्यों रहा Smriti Irani का फोकस?
बीजेपी की नई सूची में प्रियंका सिंह रावत और श्रुति गंगवार दो महिला उम्मीदवार हैं। प्रियंका सिंह रावत पहले सांसद रह चुकी हैं, जबकि श्रुति गंगवार को सामाजिक क्षेत्र और संगठन से जुड़े काम के लिए जाना जाता है। पार्टी की घोषित सूची में दो महिलाओं को जगह मिलने की बात भी प्रमुखता से सामने आई है। बीजेपी ने इस बार ऐसे कई नेताओं को उम्मीदवार बनाया है जिनका संबंध संगठन और जमीनी राजनीति से रहा है।
स्मृति ईरानी के नाम की चर्चा थी, लेकिन लिस्ट ने बदला समीकरण
राज्यसभा चुनाव की घोषणा से पहले स्मृति ईरानी (Smriti Irani) समेत कई बड़े नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं थीं। कुछ रिपोर्टों में उनके नाम को संभावित उम्मीदवारों में शामिल बताया गया था, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिली। बीजेपी ने यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए फिलहाल 8 उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी की इस सूची में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और बीएल वर्मा का नाम भी नहीं है। अब उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद स्मृति ईरानी (Smriti Irani) की सकारात्मक प्रतिक्रिया चर्चा में है।
