उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) रविवार को रामपुर पहुंचे। यहां उन्होंने सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के परिवार से मुलाकात की। मौर्य ने आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा और उनके बेटे अदीब से करीब 45 मिनट तक बातचीत की। मुलाकात के बाद यूपी की राजनीति में इसके अलग-अलग मायने निकाले जाने लगे हैं। हालांकि मौर्य ने इसे परिवार का हालचाल जानने के लिए की गई मुलाकात बताया।
आजम खान से भी मिलने की कही बात
आजम परिवार से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने कहा कि वह अब्दुल्ला आजम, अदीब और तंजीन फातिमा का हालचाल जानने के लिए रामपुर आए थे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों में वह जेल में बंद आजम खान से मुलाकात कर सकते हैं। इस मुलाकात को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब यूपी में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं। मौर्य के आजम परिवार के घर पहुंचने के बाद राजनीतिक गलियारों में संभावित समीकरणों और विपक्षी दलों के बीच बढ़ती नजदीकियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
योगी सरकार पर मौर्य का तीखा हमला
स्वामी प्रसाद मौर्य (Swami Prasad Maurya) ने मुलाकात के बाद भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के खिलाफ जनता में नाराजगी बढ़ रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सत्ता से विदाई होगी। मौर्य ने कहा कि योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है और अब बदलाव का समय आ गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका को लेकर भी उन्होंने गंभीर आरोप लगाए। मौर्य ने कहा कि भाजपा नेताओं का जिस तरह मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव करना सामने आ रहा है, उससे उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठते हैं। हालांकि ये मौर्य के राजनीतिक आरोप हैं।
उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ समाजवादी नेता श्री आज़म ख़ां जी के जनपद रामपुर स्थित आवास पहुँचकर पूर्व सांसद एवं आज़म ख़ां साहब की बेगम साहिबा तंज़ीम फ़ातिमा जी से मुलाकात की तथा श्री आज़म ख़ां जी एवं पूर्व विधायक अब्दुल्ला आज़म जी का कुशल-क्षेम पूछा। https://t.co/HXCUPv2kyE
— Swami Prasad Maurya (@SwamiPMaurya) October 4, 2026
राहुल गांधी से मुलाकात और ई-रिक्शा वाले बयान पर भी बोले
इंडिया गठबंधन से जुड़े सवाल पर मौर्य ने राहुल गांधी से हुई अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान देश और प्रदेश में कथित तौर पर बढ़ती तानाशाही और चुनाव आयुक्त की भूमिका जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम के ई-रिक्शा चलाने वाले बयान पर भी उन्होंने पलटवार किया। मौर्य ने कहा कि दूसरों को सलाह देने से पहले खुद ई-रिक्शा चलाकर उदाहरण पेश करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि 2027 में भाजपा की सरकार जाने वाली है। अब आजम खान के परिवार से उनकी मुलाकात के बाद यूपी की राजनीति में आगे क्या नया समीकरण बनता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
Read More-बिहार की जेल से UP लाया गया अतीक गैंग का 5 लाख का इनामी शूटर, 3 साल से चल रही थी तलाश
