आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा थाना डौकी क्षेत्र में गांव बाजिदपुर के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी दिल्ली से बलिया की ओर जा रहे थे। अचानक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार उछलते हुए कई बार पलटी और सड़क पर जा गिरी।
रफ्तार बनी हादसे की बड़ी वजह
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद कार की पिछली सीट पर बैठे तीन लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।
तीन की मौत, दो लोग अस्पताल में भर्ती
हादसे में भूपेंद्र, जयप्रकाश और कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे जसवंत और चंद्रकांत घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। हादसे के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) फतेहाबाद इमरान अहमद के अनुसार, पुलिस को 112 के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया गया। शुरुआती जानकारी में कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और यातायात को सामान्य कराया। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
