ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर राज कल्पना ट्रैवल्स की स्लीपर बस में लगी आग के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम बातें सामने आई हैं। दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही बस में बुधवार रात करीब 11:30 बजे आग लगी थी। उस समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए गए हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और 9 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में ड्राइवर और परिचालक को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में नशे की बात सामने आने का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान ड्राइवरऔर कंडक्टर ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने शराब पी रखी थी। रिपोर्टों के अनुसार, दोनों ने यह भी कहा कि यात्रियों के कहने के बावजूद बस नहीं रोकी गई। पुलिस का कहना है कि दोनों को घटना के बाद नशे की हालत में पकड़ा गया। हालांकि, इन बयानों की कानूनी पुष्टि जांच और आगे की कार्रवाई के दौरान होगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय बस कौन चला रहा था और ड्राइवर-परिचालक की वास्तविक भूमिका क्या थी।
यात्रियों ने पहले ही दी थी खतरे की सूचना
हादसे से पहले यात्रियों को बस के आगे की तरफ से जलने जैसी तेज गंध महसूस हुई थी। शिकायत में कहा गया है कि यात्रियों ने ड्राइवर और परिचालक को इसकी जानकारी देकर बस रोकने को कहा था, लेकिन तत्काल बस नहीं रोकी गई। इसके कुछ समय बाद ड्राइवर की सीट के आसपास से आग की लपटें उठने लगीं और धुआं तेजी से बस के अंदर फैल गया। शिकायत में चालक और परिचालक केबिन में बीड़ी-सिगरेट पीने का आरोप भी लगाया गया है। आग बढ़ने के बाद कई यात्रियों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की।
9 मौतों के बाद अब बस के रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
आग से बचकर निकले कई यात्रियों को प्रशासन ने दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर भेजा। हादसे में जान गंवाने वाले नौ यात्रियों में से छह की पहचान श्रुति रावत, सरोज गुप्ता, मयंक गुप्ता, देवेंद्र सहाय भारद्वाज, हरिशरण गुप्ता और ऊषा देवी के रूप में बताई गई है, जबकि बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब बस के दस्तावेज, पुराने चालान, परमिट और संचालन से जुड़े रिकॉर्ड भी जांच रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बस के खिलाफ पुराने चालानों की जानकारी भी सामने आई है। हादसे की सही वजह और जिम्मेदार लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।
Read More-BJP नेता की पत्नी-बेटा लापता, यमुना एक्सप्रेसवे बस हादसे के बाद बढ़ी चिंता
