महोबा के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के रावतपुरा गांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 58 वर्षीय नूरा अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं। इसी दौरान उनका बेटा मोहन उर्फ कल्लू वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां के साथ मारपीट की।
कुल्हाड़ी से किए कई वार
कहासुनी के बाद मामला अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि मोहन ने कुल्हाड़ी से अपनी मां के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण नूरा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। वारदात की सूचना मिलते ही कुलपहाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना के बाद आरोपी हुआ फरार
ग्रामीणों के अनुसार, मोहन उर्फ कल्लू के शराब और जुए की लत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है, वहीं गांव के लोग भी इस घटना से हैरान हैं।
पुलिस जुटा रही घटना से जुड़े साक्ष्य
मामले की सूचना मिलने के बाद फील्ड यूनिट की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। कुलपहाड़ थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
Read more-सब्जी बेचने वाले के पास दिखी ऐसी चीज, वीडियो वायरल होते ही यूजर्स करने लगे मजेदार कमेंट
