बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BJP कोटे के सभी मंत्रियों की अहम बैठक बुलाई है। यह बैठक शुक्रवार शाम 5 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली है। खास बात यह है कि सभी मंत्रियों को बैठक में मौजूद रहने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि जो मंत्री फिलहाल बिहार या पटना से बाहर हैं, उन्हें भी तुरंत वापस लौटने को कहा गया है। बैठक के अचानक बुलाए जाने से राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
बैठक की वजह बताई जा रही है ये
BJP की ओर से बैठक की वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को बताया जा रहा है। हालांकि, बैठक का समय और सभी मंत्रियों को अनिवार्य रूप से बुलाए जाने को लेकर सियासी अटकलें भी लग रही हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या बैठक सिर्फ कार्यक्रम की तैयारी को लेकर है या इसके पीछे बिहार की मौजूदा राजनीति से जुड़ा कोई दूसरा मुद्दा भी है। फिलहाल BJP की तरफ से बैठक के एजेंडे को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
फरक्का जल संधि को लेकर JDU के तेवर ने बढ़ाई चर्चा
दरअसल, बिहार में इन दिनों फरक्का जल संधि का मुद्दा लगातार चर्चा में है। जेडीयू की ओर से अलग-अलग जिलों में ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम किए जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद संजय झा ने मंगलवार को बेगूसराय में कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उनकी पार्टी बिहार के पानी के सवाल पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता में रहें या विपक्ष में, बिहार के हित से पीछे नहीं हटेंगे। उनके इस बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
क्या संजय झा के बयान से जुड़ी है बैठक?
संजय झा ने फरक्का समझौते को लेकर दावा किया था कि 1996 के बाद से बिहार को इसका नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि समझौते के कारण बिहार को बाढ़ की समस्या झेलनी पड़ती है, जबकि जरूरत के समय पानी की उपलब्धता को लेकर परेशानी रहती है। इसी मुद्दे के बीच अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की BJP मंत्रियों के साथ बैठक ने नई चर्चाओं को जन्म दिया है। हालांकि, बैठक का फरक्का जल संधि विवाद से सीधा संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब सबकी नजर शाम को होने वाली बैठक पर टिकी है।
Read More-बिहार से कटेगा NDA का पत्ता? नीतीश के करीबी रहे छोटू सिंह के इस दावे से बढ़ी सियासी हलचल
