‘बिग बॉस 20’ का ग्रैंड प्रीमियर होते ही घर में विवादों का सिलसिला शुरू हो गया है। 6 सितंबर को शो में 16 कंटेस्टेंट्स की एंट्री हुई और अब पहले ही एपिसोड के प्रोमो में घर का माहौल गरमाता नजर आ रहा है। प्रोमो में माही विज किचन में दूसरी कंटेस्टेंट्स को चाय बनाने के लिए कहती दिखाई देती हैं। उन्होंने अरिश्फा खान से पहले दूध गर्म करने के लिए कहा, जिस पर अरिश्फा ने साफ कहा कि उन्हें चाय बनाना नहीं आता। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत में तनाव नजर आया। माही के इस अंदाज से कुछ घरवाले नाराज दिखाई दिए और उन्हें लगा कि वह बाकी सदस्यों को निर्देश देने की कोशिश कर रही हैं।
ईशा रिखी ने माही के रवैये पर कसा तंज
प्रोमो में बादशाह की एक्स वाइफ और कंटेस्टेंट ईशा रिखी भी माही विज के रवैये पर नाराजगी जाहिर करती नजर आईं। ईशा ने तंज कसते हुए कहा कि घर में आने के बाद से माही लगातार दूसरे लोगों से अपने काम करवाने की बात कर रही हैं। उन्होंने कपड़े उठाने, खाना बनाने और चाय बनाने जैसी बातों का जिक्र किया और इसी दौरान अंडरगारमेंट्स धोने वाला तंज भी कसा। दूसरी तरफ अरिश्फा खान ने भी अमन गांधी से बातचीत में कहा कि उन्हें माही से अच्छी वाइब नहीं आ रही है। सोशल मीडिया पर प्रोमो सामने आने के बाद कुछ दर्शकों ने माही के व्यवहार और लड़कियों से चाय बनाने वाली टिप्पणी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
बैग उठाने को लेकर अमन गांधी से भी हुई बहस
माही विज की एक और छोटी बहस अमन गांधी के साथ होती दिखाई गई। माही ने अमन से अपना बैग उठाने में मदद मांगी, जिस पर अमन ने कहा कि वह मदद करने के लिए तैयार हैं, लेकिन पहले उनसे ‘प्लीज’ कहा जाए। इसी बीच आसिफ खान माही की मदद के लिए आगे आ गए। इसके बाद माही ने अमन से नाराजगी जताई और वहां से चली गईं। शो के शुरुआती प्रोमो देखकर साफ है कि इस सीजन में कंटेस्टेंट्स के बीच रिश्ते और टकराव दोनों देखने को मिल सकते हैं। ‘बिग बॉस 20’ को सलमान खान होस्ट कर रहे हैं और शो जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे स्ट्रीम तथा कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे प्रसारित किया जा रहा है।
