वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के मेयर और जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत कर जमीनी हालात की जानकारी ली। पीएम मोदी ने प्रभावित इलाकों, वहां रहने वाले लोगों और प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ के कारण आम लोगों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो और जरूरतमंदों तक समय पर मदद पहुंचाई जाए।
चेतावनी स्तर के ऊपर पहुंचा गंगा का पानी
केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार सुबह वाराणसी में गंगा का जलस्तर 70.54 मीटर दर्ज किया गया। यह 70.262 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर है। राजघाट गेज स्थल पर पानी करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था। हालांकि खतरे का निशान 71.262 मीटर है। पानी बढ़ने के चलते गंगा और वरुणा नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है।
NDRF की नाव से प्रभावित इलाकों में पहुंचे अधिकारी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी नमो घाट से एनडीआरएफ की नाव के जरिए कई इलाकों में पहुंचे। उन्होंने सालारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, ढेलवरिया और सराय मोहाना में पानी की स्थिति देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन जरूरत के समय हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। साथ ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीमों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत शिविरों में भोजन से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पर फोकस
प्रशासन ने प्रभावित और विस्थापित लोगों के लिए राहत शिविर भी तैयार किए हैं। सालारपुर के प्राथमिक विद्यालय और विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए शिविरों का अधिकारियों ने जायजा लिया। यहां भोजन, पीने का पानी, बिजली, साफ-सफाई, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य टीमों को नियमित जांच और जरूरी दवाओं की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं नगर निगम को सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और राहत शिविरों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Read more-अस्पताल जा रही थी 7वीं की छात्रा, रास्ते में कार ने रोका… फिर जो हुआ उसने सबको हिला दिया
