अक्षय कुमार लंबे समय से फिल्मों में हीरो के किरदार निभाते आए हैं, लेकिन अब वह अपनी इसी छवि से हटकर कुछ नया करने जा रहे हैं। प्रियदर्शन की आने वाली फिल्म ‘हैवान’ में अक्षय एक बेहद खतरनाक विलेन के रोल में नजर आएंगे। फिल्म में उनका लुक भी पहले ही चर्चा बटोर चुका है। खास बात यह है कि अक्षय के मुताबिक उनका यह किरदार सिर्फ ग्रे नहीं, बल्कि पूरी तरह नकारात्मक है। फिल्म में वह सैफ अली खान के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे और यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
‘गोलमाल 5’ में भी दिखेगा नेगेटिव अंदाज
अक्षय कुमार सिर्फ ‘हैवान’ तक ही विलेन के रोल में सीमित नहीं रहने वाले हैं। इसके बाद वह रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 5’ में भी अलग तरह का नेगेटिव किरदार निभाते नजर आएंगे। हालांकि इस बार उनका अंदाज गंभीर विलेन वाला नहीं होगा। अक्षय ने बताया कि इस फिल्म में उन्हें कॉमेडी के साथ नेगेटिव किरदार को पेश करने का मौका मिलेगा। उनका मानना है कि विलेन का मतलब हमेशा डरावना और गंभीर किरदार नहीं होता। उसमें हास्य, पागलपन और अचानक चौंका देने वाला अंदाज भी हो सकता है। यही वजह है कि उन्हें दोनों फिल्मों के किरदारों में अंतर काफी रोमांचक लग रहा है।
‘हीरो वाली इमेज बचाने की कोशिश नहीं कर रहा’
अपने विलेन वाले किरदारों पर बात करते हुए अक्षय ने कहा कि एक अभिनेता को लगातार दर्शकों और खुद को भी नए किरदारों से चौंकाते रहना चाहिए। कई साल तक हीरो की भूमिका निभाने के बाद नेगेटिव शेड वाले किरदार करना उनके लिए नया अनुभव है। अक्षय के मुताबिक अब वह अपनी हीरो वाली छवि को बनाए रखने की चिंता नहीं कर रहे, बल्कि किरदार को खुलकर निभाने और उसका आनंद लेने पर ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि अक्षय का यह नया अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है।
Read more-गर्लफ्रेंड को होटल ले गया प्रेमी, फिर आधी रात हुई खौफनाक वारदात
