HomeदेशIAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल क्या लड़ेंगी यूपी चुनाव? कांग्रेस...

IAS से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल क्या लड़ेंगी यूपी चुनाव? कांग्रेस ने बता दिया अपना रुख

पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी का रुख बताया।

-

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के अचानक इस्तीफे के बाद उनके अगले कदम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है। 13 साल तक प्रशासनिक सेवा में रहने वाली दिव्या मित्तल के बारे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजनीति के मैदान में उतर सकती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में उनके कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की भी चर्चा है। हालांकि, इन अटकलों के बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी का रुख काफी हद तक साफ कर दिया है।

राहुल गांधी से मुलाकात पर अजय राय ने क्या कहा?

दिव्या मित्तल के राहुल गांधी से मिलने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी मुलाकात की जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि देश में अच्छा काम करने वाले अधिकारी राहुल गांधी से जुड़ रहे हैं। अजय राय के इस बयान के बाद दिव्या मित्तल के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं को और हवा मिल गई है। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस दिव्या मित्तल को विधानसभा चुनाव में टिकट देने पर विचार कर सकती है, तो उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति समाज के लिए काम करना चाहता है या चुनाव लड़ने की इच्छा रखता है तो पार्टी उस पर जरूर विचार करेगी।

दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद बढ़ी सियासी हलचल

दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद से ही उनके भविष्य को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं। एक तरफ उनके राजनीति में आने की चर्चा है तो दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि वह निजी क्षेत्र में वापस जा सकती हैं। हालांकि, दिव्या मित्तल ने खुद अभी अपने भविष्य को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पहले ही उनके इस्तीफे के मुद्दे को लेकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने अपने पत्र के जरिए ईमानदार अधिकारियों की स्थिति को लेकर चिंता जताई थी और सरकार का ध्यान इस ओर खींचने की मांग की थी।

लंदन की नौकरी छोड़कर बनी थीं IAS

दिव्या मित्तल का प्रशासनिक करियर काफी चर्चा में रहा है। उन्होंने लंदन में नौकरी की थी, लेकिन बाद में यूपीएससी की तैयारी के लिए नौकरी छोड़ दी। साल 2013 में अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा पास की और 68वीं रैंक हासिल की। इसके बाद वह आईएएस बनीं और उत्तर प्रदेश कैडर में सेवाएं दीं। वह देवरिया की जिलाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं। करीब 13 साल की सेवा के बाद उन्होंने स्वेच्छा से आईएएस पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी देते हुए अपनी सेवा यात्रा को यादगार बताया था। अब उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर सभी की नजर है।

Read more-रसोई गैस को लेकर चौंकाने वाला खुलासा! LPG की खपत अचानक घटी, पेट्रोल-डीजल की मांग बढ़ी, जानें वजह

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest posts