North Cyprus Boat Capsized:उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया (गिरने) तट के पास रविवार को बड़ा समुद्री हादसा हो गया। करीब 270 लोगों को लेकर जा रही एक यात्री फेरी समुद्र में पलट गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह नाव काइरेनिया से तुर्की के मेर्सिन प्रांत स्थित ताशुचू के लिए रवाना हुई थी। कुछ देर बाद नाव में पानी भरने लगा और देखते ही देखते वह समुद्र में पलट गई। अलग-अलग रिपोर्टों में सवार लोगों की संख्या में थोड़ा अंतर बताया गया है। तुर्की के अधिकारियों के अनुसार नाव पर 259 यात्री और 8 क्रू सदस्य यानी कुल 267 लोग थे, जबकि स्थानीय अधिकारियों ने करीब 270 लोगों के सवार होने की जानकारी दी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
159 लोगों तक पहुंची रेस्क्यू टीम, बाकी यात्रियों की तलाश
हादसे के तुरंत बाद बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काइरेनिया के मेयर मुरात सेनकुल ने शुरुआती जानकारी में बताया कि 258 यात्रियों में से 159 लोगों तक बचाव दल पहुंच चुका था। हालांकि उस समय बाकी लोगों की स्थिति को लेकर पूरी जानकारी सामने नहीं आई थी। तटरक्षक बल की नावों के साथ हेलीकॉप्टर और आसपास मौजूद निजी व अन्य यात्री नावों को भी बचाव अभियान में लगाया गया। काइरेनिया बंदरगाह पर एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैयार रखा गया, ताकि समुद्र से निकाले गए लोगों को तुरंत इलाज दिया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि कुछ यात्रियों को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी है।
समुद्र में मची चीख-पुकार, वीडियो में दिखा पलटी नाव का मंजर
हादसे के बाद सामने आए वीडियो में पलटी हुई नाव के आसपास समुद्र में मौजूद लोगों को देखा जा सकता है। कुछ लोग लाइफ जैकेट पहने हुए नजर आए, जबकि बचाव दल की नावें यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटी थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, नाव ने काइरेनिया से निकलने के कुछ समय बाद पानी लेना शुरू किया था। कप्तान ने स्थिति को देखते हुए नाव को वापस बंदरगाह की तरफ मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही फेरी पलट गई। हादसा तट से कुछ किलोमीटर दूर हुआ। समुद्र की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल प्राथमिकता सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालना है और दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
मौतों की संख्या पर अभी स्थिति साफ नहीं, रेस्क्यू लगातार जारी
हादसे के बाद अलग-अलग रिपोर्टों में संभावित मौतों और घायलों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं, लेकिन शुरुआती आधिकारिक रिपोर्टों में कुल मृतकों की संख्या स्पष्ट नहीं की गई थी। इसलिए फिलहाल किसी निश्चित संख्या की पुष्टि करना जल्दबाजी होगी। तुर्की और उत्तरी साइप्रस के बचाव दल लगातार समुद्र में तलाशी अभियान चला रहे हैं। आसपास की निजी नावों को भी मदद के लिए लगाया गया है। काइरेनिया बंदरगाह और अस्पतालों में आपात व्यवस्था की गई है। अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे में कितने लोग प्रभावित हुए और कितनी जानें गईं, इसकी पूरी तस्वीर सामने आएगी।
Read More-राखी बंधवाकर घर से निकला 16 साल का समीर, फिर 48 घंटे बाद जो हुआ उससे परिवार में पसरा मातम
