नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। नारायणी नदी के तेज बहाव में बहकर आए एक महिला के शव के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने शव के कानों से सोने की बालियां निकाल लीं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
बाढ़ के बीच शव को पानी से निकाला, फिर कानों से निकाल ली बालियां
घटना का वीडियो करीब 41 सेकंड का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ लोग लकड़ी के पट्टों और महिला के बालों की मदद से शव को नदी के पानी से बाहर खींचते दिखाई देते हैं। इसके बाद दो पुरुष महिला के दोनों कानों से बालियां निकालते नजर आते हैं। आसपास मौजूद कुछ लोग इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाते रहे। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और नेपाल पुलिस ने इसकी जांच शुरू की।
वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान, बस पार्क के पास दबोचा
चितवन पुलिस के मुताबिक, जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाई दे रहा शव उस महिला का था, जो बाढ़ के दौरान नारायणी नदी के तेज बहाव में बह गई थी। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरूंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के तौर पर की। नेपाली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने दोनों को गुरुवार को भरतपुर महानगरपालिका-1 में पोखरा बस पार्क के आसपास से गिरफ्तार किया। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस ने कहा- आपदा के समय अमानवीय हरकत बर्दाश्त नहीं
नेपाल पुलिस ने घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि प्राकृतिक आपदा के दौरान लोगों को एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। पीड़ितों के शवों के साथ लूटपाट या किसी भी तरह का अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ और भूस्खलन जैसी मुश्किल परिस्थितियों में मानवीय संवेदनाएं बनाए रखें और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं।
नेपाल के बाद तिब्बत में भी बाढ़ का कहर
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब नेपाल और तिब्बत के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल में राहत और बचाव टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। वहीं तिब्बत के ग्यिरोंग पोर्ट इलाके में तेज मलबे का बहाव पहुंचने से कई जगह नुकसान हुआ है। चीनी सरकारी प्रसारक CCTV के अनुसार, मलबे के बहाव ने बंदरगाह की एक बहुमंजिला इमारत को भी प्रभावित किया और बस पार्किंग क्षेत्र में भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। प्राकृतिक आपदा के बीच सामने आई महिला के शव से जुड़ी यह घटना अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
Read more-नेपाल बाढ़ में फंसे भारतीयों को लेकर बड़ा खुलासा, 320 लोगों से अब तक संपर्क नहीं
