देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली जा रही बीजेपी की तिरंगा यात्रा उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। विजयागंज मंडी क्षेत्र में हुए इस हादसे में करीब 40 से 50 भाजपा कार्यकर्ता घायल बताए जा रहे हैं। इनमें एक कार्यकर्ता को 200 से ज्यादा मधुमक्खियों ने डंक मारा, जिसके बाद उसकी हालत गंभीर बताई गई।
डीजे वाहन पेड़ से टकराया और टूट गया छत्ता
जानकारी के मुताबिक, विजयागंज मंडी इलाके में बीजेपी कार्यकर्ता बाइक से तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा में 500 से अधिक लोग शामिल थे। इसी दौरान तिरंगा यात्रा के साथ चल रहा डीजे वाहन सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गया। इसी पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था। वाहन की टक्कर से छत्ता टूट गया और बड़ी संख्या में मधुमक्खियां बाहर निकल आईं। इसके बाद उन्होंने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला शुरू कर दिया।
मधुमक्खियों से बचने के लिए खेतों में भागे लोग
अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई कार्यकर्ताओं ने आसपास के सोयाबीन के खेतों में छिपकर अपनी जान बचाई। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य होने पर लोगों को खेतों से बाहर निकाला गया। भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अतुल शर्मा के मुताबिक, इस घटना में करीब 40 से 50 कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
एक कार्यकर्ता को 200 से ज्यादा डंक, हालत गंभीर
हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि एक कार्यकर्ता को मधुमक्खियों ने 200 से ज्यादा डंक मारे हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले निकाली जा रही तिरंगा यात्रा में हुए इस अचानक हमले से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में स्थिति को संभाला गया और घायलों को इलाज के लिए पहुंचाया गया।
Read more-जंतर-मंतर के बाद अभिजीत दीपके का नया अभियान, अब किस चीज को लेकर शुरु किया आंदोलन
