Delhi High Court News: दिल्ली हाईकोर्ट को स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। कोर्ट को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में 15 अगस्त को दिल्ली हाईकोर्ट, जिला अदालतों और दिल्ली मेट्रो समेत कई जगहों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल भी दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं।
ईमेल में हाईकोर्ट और मेट्रो को निशाना बनाने की धमकी
जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ईमेल 15 अगस्त से पहले दिल्ली हाईकोर्ट को भेजा गया। ईमेल में दावा किया गया कि 15 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर दिल्ली हाईकोर्ट में धमाका किया जाएगा। इसके अलावा जिला अदालतों में भी दोपहर 3 बजकर 11 मिनट पर विस्फोट करने की धमकी दी गई है। ईमेल में दिल्ली मेट्रो और अंबाला जाने वाली ट्रेनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। संदेश में ‘दिल्ली बनेगा खालिस्तान’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। ईमेल में बब्बर खालसा के साथ Parmar-Canada का नाम भी लिखा गया है। हालांकि, धमकी में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गृह मंत्री और पंजाब के कई इलाकों का भी जिक्र
धमकी वाले ईमेल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अदालतों को लेकर भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा पंजाब के जंडियाला गुरु समेत कुछ अन्य स्थानों का जिक्र भी ईमेल में किया गया है। इस धमकी के सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। पुलिस अब ईमेल के स्रोत, इसे भेजने वाले व्यक्ति और उसके पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है। साइबर जांच के जरिए ईमेल से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी खंगाली जा रही है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि धमकी वास्तविक है या किसी ने डर पैदा करने के इरादे से यह ईमेल भेजा है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं और इस घटना के बाद निगरानी और बढ़ाई जा रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच के आधार पर सामने आएगी।
Read More-‘भैया रोकिए…’ नहीं रुकी Rapido बाइक, सुनसान रास्ते पर पहुंचते ही महिला ने ऐसे बचाई जान
