केरल के वायनाड जिले में भारी बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन हुआ है। मेप्पाडी के पास कल्लाडी इलाके में हुए इस हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सात लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे में पांच लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ ही सेकंड में पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे गिरता दिखाई देता है। देखते ही देखते सड़कें बंद हो गईं और आसपास का इलाका मलबे से भर गया।
टनल निर्माण स्थल के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कल्लाडी में वायनाड टनल परियोजना के पास खुदाई का काम चल रहा था। लगातार हो रही बारिश की वजह से पहाड़ी पर जमा मिट्टी और पत्थर अचानक नीचे खिसक गए। बताया जा रहा है कि पिछले 24 घंटे में इलाके में करीब 265 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि निर्माण कार्य पहले ही रोक दिया गया था, लेकिन आसपास मौजूद कुछ लोग भूस्खलन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद एक चर्च, चाय की दुकान और बस स्टॉप भी मलबे के नीचे दब गए। आशंका है कि अभी भी कई लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं।
राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी एजेंसियां मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रही हैं। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि फिलहाल स्थिति राज्य सरकार के नियंत्रण में है। यदि अतिरिक्त मदद या विशेषज्ञों की जरूरत पड़ेगी तो केंद्र सरकार हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी का पता नहीं चल जाता।
VIDEO | Kerala: Landslide near Meenakshi Bridge at Kalladi, where work on a tunnel road project connecting Malappuram and Wayanad districts was going on. One killed, seven injured, another seven missing, says Kerala CM V D Satheesan. CCTV visuals of the incident.#KeralaNews… pic.twitter.com/4tUkNZCUz7
— Press Trust of India (@PTI_News) July 7, 2026
ताओं ने जताई चिंता, लोगों से सहयोग की अपील
वायनाड की सांसद प्रियंका गांधी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन पूरी गंभीरता से राहत कार्य में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, पुलिस, NDRF और अन्य एजेंसियां मिलकर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश कर रही हैं। वहीं कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने भी घटना पर चिंता जताई और पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने को कहा है।
