बेंगलुरु की सुरक्षित मानी जाने वाली सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ‘बिग बॉस कन्नड़’ की पूर्व कंटेस्टेंट और जानी-मानी अभिनेत्री दिव्या सुरेश ने अपने साथ हुई एक बेहद परेशान करने वाली और शर्मनाक घटना का खुलासा किया है। दिव्या ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि रविवार की देर रात जब वह अपने भाई (कजिन) के साथ कार की तरफ जा रही थीं, तभी एक अज्ञात शख्स ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। वह शख्स न सिर्फ उनका पीछा कर रहा था, बल्कि सरेआम बेहद अश्लील इशारे और घिनौनी हरकतें भी कर रहा था। इस घटना ने एक बार फिर महानगरों में रात के समय महिलाओं की सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
कैमरे में कैद हुई शर्मनाक करतूत
दिव्या सुरेश ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में भी रिकॉर्ड किया है। इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किए गए इस वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि कैसे वह शख्स टोकने के बाद भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। वीडियो क्लिप में दिव्या यह कहती सुनाई दे रही हैं कि वह इस घटना का वीडियो बना रही हैं, वहीं उनकी कजिन डर और गुस्से में उस शख्स की तरफ इशारा करते हुए कहती है कि ‘उसके हाथ को देखो कि वह क्या कर रहा है।’ दिव्या ने बताया कि जैसे ही वे दोनों कार में बैठे, उस शख्स ने उनके बेहद करीब आने की कोशिश की। इस खौफनाक मंजर के बीच उनकी कजिन ने तुरंत पुलिस को फोन करने की बात भी कही। हालांकि, यह वीडियो अब उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर उपलब्ध नहीं है।
सुरक्षा के दावों पर उठाए गंभीर सवाल
इस झकझोर देने वाले अनुभव को साझा करते हुए ३३ वर्षीय अभिनेत्री ने सीधे तौर पर प्रशासन और बेंगलुरु पुलिस को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए तीखे सवाल पूछे। दिव्या ने लिखा, “किसी भी महिला को सिर्फ इसलिए उत्पीड़न का शिकार नहीं होना चाहिए क्योंकि वह रात में सड़क पर चल रही है। आखिर वह सुरक्षा कहां है जिसका हमसे वादा किया जाता है?” उन्होंने आगे बताया कि जब उन्होंने उस आदमी को रोकने की कोशिश की, तो उस पर कोई असर नहीं हुआ और वह तब तक अपनी बदतमीजी करता रहा जब तक कि वे दोनों सुरक्षित रूप से कार के अंदर बंद नहीं हो गए।
विवादों से भी रहा है एक्ट्रेस का पुराना नाता
दिव्या सुरेश कन्नड़ मनोरंजन उद्योग का एक जाना-माना चेहरा हैं। वह २०१७ में ‘मिस इंडिया साउथ’ का खिताब जीत चुकी हैं और २०१२ में प्रसारित हुए ‘बिग बॉस कन्नड़’ सीजन ८ से उन्हें जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इसके अलावा वह ‘नन्ना हेंड्थी एमबीबीएस’ जैसे सीरियल्स और ‘राउडी बेबी’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। हालांकि, दिव्या का विवादों से भी पुराना नाता रहा है। पिछले साल अक्टूबर २०२५ में बेंगलुरु के ब्यातारायणपुरा इलाके में हुए एक दर्दनाक हिट-एंड-रन हादसे में भी उनका नाम सामने आया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दावा किया था कि हादसे के वक्त कार दिव्या ही चला रही थीं, जिसमें तीन लोग घायल हुए थे और पुलिस इसकी जांच कर रही है। फिलहाल, इस ताजा उत्पीड़न मामले में पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है।
